कस्बा स्थित तिराहे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम गुर्रा निवासी इकलेश (40) पुत्र रामसिंह परिवार के साथ थाना क्षेत्र के ग्राम हूंसेपुर स्थित गांव में रहता था। बुधवार सुबह इकलेश सांडी कस्बे से बाइक से घर वापस जा रहा था। सांडी तिराहे पर उसकी बाइक में पीछे से आई रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल इकलेश ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद लोगों ने रोडवेज चालक और कंडक्टर को पकड़ लिया। पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। भाई सतेंद्र ने बताया कि इकलेश तीन भाइयों में बड़ा था। उसके दो बेेटे हैं। वह खेती कर परिवार का भरण पोषण करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।