देहरा थाना के तहत स्यूल गांव में रविवार रात घर के बाहर से चोरी हुई बाइक को पुलिस ने कुछ घंटे बाद ही निकटवर्ती खड्ड से बरामद कर लिया। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया कि घर के बाहर खड़ी बाइक किसने चुराई।
पुलिस के अनुसार स्यूल निवासी शिव कुमार ने देहरा थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके घर के बाहर खड़ी बाइक नंबर एचपी 36बी-2264 रविवार रात चोरी हो गई है। जिसको लेकर शिव कुमार ने गांव के ही एक युवक पर शक जाहिर किया था।
मामले की जांच को पहुंचे पुलिस दल ने उक्त बाइक को स्यूल खड्ड से बरामद कर लिया। माना जा रहा है कि बाइक में पेट्रोल खत्म होने के कारण आरोपी उसे वहीं छोड़कर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। देहरा का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे डीएसपी ज्वालामुखी कुलदीप कुमार ने मामले की पुष्टि की है।