कस्बे के रोडवेज बस स्टैंड के पास साइकिल सवार को बचाने के चक्कर मे बाइक सवार दो युवक बाइक सहित नाले में जा गिरें। जिससे वह दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से दोनों को गंभीर हालत में सैफई रेफर किया गया। रास्ते में एक युवक ने दम तोड़ दिया। युवक का शव जब घर आया तो कोहराम मच गया।
मोहल्ला विद्यानगर निवासी आशुतोष तिवारी( 26) पुत्र संतोष तिवारी कस्बे में मेडिकल स्टोर चलाता था। मंगलवार को वह अपने साथी दीपक तिवारी (20) पुत्र मनोज तिवारी निवासी आजाद नगर को बाइक से छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वह कस्बे में रोडवेज बस स्टैंड के समीप पहुंचा तभी अचानक सामने से एक साइकिल आ गई। साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बाइक सवार नाले में जा गिरे। आशुतोष नाले में गिर पड़ा। वहीं उसका साथी दीपक तिवारी दूसरी तरफ जा गिरा।
साइकिल सवार शिवा गौतम (25) पुत्र जितेंद्र गौतम निवासी पुरवा उदोत भी गिरकर घायल हो गया। आसपास जुटी भीड़ ने मशक्कत कर आशुतोष को नाले से बाहर निकाला। तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से आशुतोष व दीपक को सैफई रेफर कर दिया गया। सैफई जाते समय आशुतोष ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। आशुतोष की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।