अस्पातल में हंगामा काटते मरीज का परिवार।
- फोटो : amarujala
श्वांस की बीमारी से पीड़ित एक मरीज को कानपुर रेफर करने पर परिजनों व तीमारदारों ने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। चिकित्सक से अभद्रता भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित के पिता को हिरासत में लिया।
रमेड़ी बंगाली मुहल्ला निवासी रोहित धुरिया (18) पुत्र विंदाप्रसाद धुरिया श्वांस रोग से पीड़ित है। गुरुवार की दोपहर उसके पिता रोहित को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां ओपीडी कक्ष में बैठे डा.पीके गुप्ता को दिखाया।
चिकित्सक ने देखने के बाद उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया। रेफर करने पर परिजन हंगामा काटने लगे और चिकित्सक को बुरा भला कहने लगे। करीब आधे घंटे हुए हंगामा के दौरान अन्य चिकित्सकों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। मगर परिजन जिला अस्पताल के चिकित्सकों से गाली-गलौज करते नजर आए।
आरोप लगाया कि चिकित्सक यहां कोई इलाज नहीं करना चाहते। अस्पताल को रेफर सेंटर बना दिया है। मौके पर पहुंचे कोतवाली के एसआई अरविंद मिश्रा रोहित के पिता को हिरासत में लेकर कोतवाली गए। जहां उन्होंने समझा बुझाकर मामला शांत किया। और उसे कानपुर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।