ट्रेनों में मिलने वाला खाना अब घर की तरह स्वादिष्ट होगा। उसकी गुणवत्ता होटल मैनेजमेंट डिप्लोमाधारक बेहतर तरीके से करेंगे।
लखनऊ स्टेशन के चारबाग रेल आरक्षण केंद्र के ऊपर वाले तल पर बेस किचन इस साल पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इस बेस किचन से रोजाना करीब 15 हजार थाली खाना तैयार हो सकेगा। खाने की आपूर्ति लखनऊ से गुजरने वाली सभी मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में होगी।
बाहर से लखनऊ आने वाले यात्रियों को कुछ देर ठहरने और दोबारा तैयार होने की सुविधा के लिए दिल्ली की तर्ज पर एक्जीक्यूटिव लाउंज बनाया जाएगा। इस लाउंज की बुकिंग ऑनलाइन भी हो सकेगी।
इससे यात्री पहले से ही अपने लिए किसी महंगे होटल में जाने की जगह लाउंज की बुकिंग करा सकेंगे। चारबाग स्टेशन पर आने वाले बुजुर्ग यात्रियों को सीढ़ियों से प्लेटफार्मों तक नहीं जाना पड़ेगा।
स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वारों केपास सीढ़ियों को एक्सेलरेटर से जोड़ा जाएगा। यात्री अपनी बोगियों के करीब पहुंच सकें इसके लिए दो और पैदल पुल बनेंगे।
इसमें एक पुल रेलवे न्यायालय के पास और दूसरा पुल प्रथम श्रेणी प्रवेश द्वार के पास बनेगा। बेंगलुरु की तर्ज पर चारबाग स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों तक बैट्री चालित कारें चलाई जाएंगी।
इन कारों से बुजुर्ग व नि:शक्त यात्री बिना कोई शुल्क दिए अपने सामान के साथ बोगियों तक पहुंच सकेंगे। प्लेटफार्र्मों पर आरओ मशीन लगाकर साफ-सुथरा पानी मुहैया कराया जाएगा।
एक और स्टेशन बनेगा
बंगला बाजार और आशियाना की तरफ से आने वाले यात्रियों को चारबाग के जाम में फंसना नहीं पड़ेगा। लोको वर्कशॉप की तरफ एक और स्टेशन टर्मिनल विकसित होगा।
इस टर्मिनल में यात्री पूछताछ, विश्रामालय और रेल आरक्षण व सामान्य टिकट बुकिंग जैसी सुविधा उपलब्ध होगी। चार अतिरिक्त प्लेटफार्म भी बनेंगे जिससे ट्रेनों की और अधिक संख्या चारबाग पर बढ़ सकेगी। अभी लगभग रोजाना 260 ट्रेनें चारबाग से गुजरती हैं।