सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत व ईमानदारी से काम करेंगे, तभी लक्ष्य तक पहुंचेंगे। यह गुरुमंत्र मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्टूडेंट्स को दिया।
वह बुधवार को चारबाग स्थित रवींद्रालय में नवयुग कन्या पीजी कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में उपस्थित स्टूडेंट्स को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने नवयुग कॉलेज में करीब तीन करोड़ रुपए की लागत से हाईटेक ऑडिटोरियम बनाने में हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बीए तृतीय वर्ष की छात्रा आशा तिवारी को नवयुग रत्न व अन्य नौ मेधावियों को मेडल व डिग्री देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि बाजार तेजी से बदल रहा है। अब रोजगार केलिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। इसके लिए युवाओं को अपडेट रहना होगा।
उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों से कैंपस में वाई-फाई लगाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि राजधानी में आईटी सिटी बनाई जा रही है। इससे युवाओं को अब नौकरी के लिए बंगलुरू, हैदराबाद, दिल्ली व मुंबई नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने बीए तृतीय वर्ष की छात्रा आशा तिवारी को ऑल राउंडर प्रदर्शन करने के लिए नवयुग रत्न ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
बीएससी द्वितीय वर्ष की सर्वश्रेष्ठ छात्रा दीक्षा गुप्ता, बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रीति सरोज, बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा शालू यादव, बीए प्रथम वर्ष की छात्रा दीप्ति श्रीवास्तव को स्वर्ण पदक, बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा गुंजन पाल को रजत पदक, बीएससी बॉयो की छात्रा खुशबू को रजत पदक, बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा स्वाति यादव को कांस्य पदक देकर सम्मानित किया।
संस्कृति व महिला कल्याण मंत्री अरुणा कोरी ने भी छात्राओं को पदक देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में नवयुग पीजी कॉलेज की प्राचार्य नीरजा गुप्ता ने कहा कि जल्द ही कैंपस में वाई-फाई लगवाया जाएगा।
उन्होंने सीएम से कैंपस में ऑडिटोरियम बनाने में मदद करने की बात कही। इस पर सीएम ने करीब तीन करोड़ रुपए की लागत से हाईटेक ऑडिटोरियम बनाने में मदद का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में नवयुग कन्या पीजी कॉलेज प्रबंधक विजय दयाल ने कहा कि 1942 में किराए के भवन में कॉलेज शुरू हुआ, तब 15 छात्राएं पढ़ती थीं और अब नवयुग इंटर कॉलेज व नवयुग डिग्री कॉलेज में कुल मिलाकर नौ हजार छात्राएं पढ़ती हैं।
कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त सतीश कुमार अग्रवाल, नवयुग कन्या कॉलेज प्रबंधक समिति के अध्यक्ष विद्या सागर गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।