पंजाब यूनिवर्सिटी हॉस्टल में बिजली के लंबे कट और लो प्रेशर वाटर सप्लाई से परेशान छात्रों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया।
पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन(पुसू) प्रधान सहजपाल सिंह की अगुवाई में छात्रों ने दोपहर 2:30 बजे वीसी दफ्तर के सामने प्रदर्शन शुरू किया। उन्होंने वहीं नहाना शुरू कर दिया।
इसके बाद समस्याओं का ज्ञापन डीएसडब्ल्यू प्रो. नवदीप गोयल को दिया। सहजपाल ने बताया कि पीयू के हॉस्टल नंबर 8 और 9 में जनरेटर की सुविधा दी जानी चाहिए। हॉस्टल नंबर-6 में भी नई वायरिंग की जरूरत है।
परीक्षा के दिनों में रात में कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से स्टूडेंट पढ़ाई नहीं कर पाते। बिजली कट से पहले पीयू प्रशासन को स्टूडेंट नोटिस बोर्ड पर इसकी जानकारी दी जानी चाहिए।
मांग पत्र में पुसू नेताओं ने कहा कि हॉस्टल में पानी की सप्लाई कई दिनों से बिलकुल कम हो गई है, हॉस्टल की ऊपरी मंजिल पर पानी नहीं पहुंच रहा।