सरकारी शिक्षक बनने के इच्छुक हैं तो ऑनलाइन आवेदन करें। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जून से शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। दरअसल हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 29 और 30 अगस्त को आयोजित पीजीटी, प्राइमरी और टीजीटी पात्रता परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। शिक्षित बेरोजगार साइबर कैफों पर जाकर आवेदन कर रहे हैं। कैफों पर आवेदकों की भीड़ भी जुटने लगी है।
एक परीक्षा के आवेदन के लिए साइबर कैफे संचालक आवेदकों से 50 से 100 रुपये तक ले रहे हैं। 15 जून से आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू हुई है। ऐसे में अभी काफी युवाओं को इसके बारे में पता नहीं है, लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतते जाएंगे और आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक आएगी, वैसे ही साइबर कैफों और चालान जमा करवाने वाले बैंकों में भीड़ होने लगेगी। ऐसे में भीड़भाड़ से बचने के लिए अभी से काफी युवा तो ऑनलाइन आवेदन करने लगे हैं। जौहरी नगर स्थित एक साइबर कैफे के संचालक बिट्टू ने बताया कि एचटेट परीक्षा को लेकर आवेदक फार्म जमा करवाने के लिए आने लगे हैं।
ये रहेगी फीस: ऑनलाइन परीक्षा देने वालों में सामान्य वर्ग के आवेदकों को 600 रुपये का चालान बैंक में एक परीक्षा के लिए जमा करवाना होगा। जबकि ऑफलाइन आवेदकों को इसके लिए 700 रुपये खर्च करने होंगे। एससी वर्ग के लिए 300 रुपये फीस की अदायगी करनी होगी। बोर्ड की ओर से अबकी बार परीक्षार्थियों के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरह की सुविधा दी है, ताकि उन्हें किसी तरह से परेशान न होना पड़े।
ऑनलाइन परीक्षा देने वालों को ऑफलाइन के तुलना में 100 रुपये कम चालान फीस जमा करानी होगी। चालान फॉर्म तीन बैंकों जिनमें एचडीएफसी, यूनियन और ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में से किसी भी एक बैंक में जमा करवा सकते हैं। आवेदन करने के दौरान किसी को भी आधार कार्ड की अनिवार्यता जरूरी नहीं की गई है।