उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से प्रवक्ता उत्तराखंड राजकीय पालीटेक्निक स्क्रीनिंग परीक्षा 2015 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। स्क्रीनिंग परीक्षा के आधार पर 518 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सचिव एसएन पांडे की ओर से अभ्यर्थियों की विषयवार कट ऑफ मार्क्स, प्रातांकों और साक्षात्कार के लिए योग पाए गए अभ्यर्थियों के रोल नंबर की सूची वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से 27 सितंबर 2015 को राजकीय पालीटेक्निकों में विभिन्न विषयों में प्रवक्ताओं के रिक्त पदों के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की गई थी।
स्क्रीनिंग परीक्षा में हिस्सा लेने वाले 9978 अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों और नामों की सूची वेबसाइट पर जारी कर दी गई हैं। स्क्रीनिंग परीक्षा में आयोग की ओर से 518 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए योग्य घोषित किया गया है।
वेबसाइट पर जारी होगा साक्षात्कार कार्यक्रम
वेबसाइट पर जारी सूची के अनुसार आयोग की ओर से प्रवक्ता इलेक्ट्रानिक्स के रिक्त पदों पर 29, प्रवक्ता विद्युत के रिक्त पदों पर 57, सिविल के 73, मैकेनिकल के 41, आईटी के 20, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग/पीजीडीसीए/सीई के 41, रबड़ एवं प्लास्टिक टेक्नोलॉजी के 9, रसायन के 66, अंग्रेजी के 62 और भौतिक विषय के प्रवक्ताओं के रिक्त पदों पर 66 अभ्यर्थियों साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया है।
इन अभ्यर्थियों के साक्षात्कार आयोग की ओर से अप्रैल और मई में प्रारंभ कराए जाने प्रस्तावित किए गए है। विस्तृत साक्षात्कार कार्यक्रम की सूचना वेबसाइट पर जारी की जाएगी।