उप्र प्राविधिक विश्वविद्यालय (यूपीटीयू) में अब स्टूडेंट्स को मार्क्सशीट, डिग्री और सर्टिफिकेट से जुड़े कार्यों के लिए यूनिवर्सिटी में चक्कर नहीं लगाने होंगे।
उन्हें एक क्लिक पर ही सारी समस्याओं का समाधान मिल जाएगा। अब वे कम्प्यूटर से ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इसके साथ ही स्टूडेंट्स को ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की भी सुविधा दी जाएगी। यही नहीं इन कार्यों के लिए एक निश्चित समय सीमा भी तय कर दी जाएगी।
अगर स्टूडेंट्स द्वारा किए गए आवेदन पर निर्धारित समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उसकी जवाबदेही भी जिम्मेदारों की होगी।
स्टूडेंट्स व पैरेंट्स की सहूलियतों को ध्यान में रखते हुए यूपीटीयू अब प्रदेश में उससे संबद्घ करीब 850 से अधिक इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेजों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स की मार्क्सशीट को ऑनलाइन जारी करेगा।
इसके लिए स्टूडेंट्स व पैरेंट्स को भी लॉगिन व पासवर्ड की सुविधा देने पर विचार किया जा रहा है, ताकि वह अपने बेटे व बेटी के मार्क्स व उनसे जुड़ी अन्य जानकारियां ऑनलाइन हासिल कर सकें।