उत्तर प्रदेश प्राविधिक विश्वविद्यालय (यूपीटीयू) से संबद्ध इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित राज्य प्रवेश परीक्षा की काउंसलिंग के प्रथम चरण में सभी सरकारी कॉलेजों की सीटें फुल हो गईं।
सोमवार को 1 से 30,000 रैंक तक के 15,240 अभ्यर्थियों को काउंसलिंग लेटर जारी किए गए।
यूपीटीयू के प्रति कुलपति प्रो. दिवाकर सिंह ने बताया कि पहले चरण की काउंसलिंग में 8 सरकारी कॉलेजों के साथ ही आर्किटेक्चर कॉलेज में बीऑर्क की सभी 40 सीटें भर गई हैं।
इसके अलावा जेएसएस नोएडा, काइट, गलगोटिया, एबीएस सहित 6 प्राइवेट संस्थानों की बीटेक की सभी सीटें अलॉट हो गईं।
इस चरण में शामिल अभ्यर्थी 22 जुलाई तक बची फीस जमा करके सीट कन्फर्म करा सकते हैं।
इसके साथ ही सोमवार से दूसरे चरण की काउंसलिंग के अंतर्गत 30,001 से 80,000 रैंक तक के अभ्यर्थियों के लिए चॉइस फिलिंग शुरू की गई।
इस रैंक के अंतर्गत 26,000 अभ्यर्थियों ने अपना डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराया है। यह अभ्यर्थी 15 जुलाई तक चॉइस लॉक कर सकते हैं।