यूपी बोर्ड ने आखिरकार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कक्षाओं के प्रवेश पत्र और
नॉमिनल रोल भेज दिए। बोर्ड ने अपनी अधिकृत शिफ्टिंग सूची भी डीआईओएस
कार्यालय को उपलब्ध करा दी है।
सूची का प्रकाशन शुक्रवार को किया जाएगा, जबकि हाईस्कूल के नॉमिनल रोल और हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रवेश पत्र का वितरण शनिवार से किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक पीसी यादव के अनुसार शनिवार सुबह 10 बजे से राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज से परीक्षा सामग्री का वितरण किया जाएगा।
यूपी बोर्ड की ओर से आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा आगामी तीन मार्च से शुरू होनी हैं। इसके बावजूद अभी तक यूपी बोर्ड की अधिकृत शिफ्टिंग सूची और प्रवेश पत्र और हाईस्कूल के नॉमिनल रोल नहीं आए थे।
ऐसे में रोजाना स्टूडेंट्स अपने विद्यालयों में और कॉलेज प्रबंधक प्रवेश पत्र के चक्कर में शिक्षा भवन के चक्कर लगा रहे थे।
बोर्ड ने 159 परीक्षा क्रेंदों की सूची तो जारी कर दी थी पर शिफ्टिंग सूची जारी न होने के कारण यह क्लीयर नहीं हो पा रहा था कि किस विद्यालय में कितने बच्चे परीक्षा देंगे।
इससे स्टूडेंट्स के साथ ही कॉलेजों को भी काफी मुसीबत हो रही थी। आमतौर पर बोर्ड की ओर से शिफ्टिंग सूची परीक्षा शुरू होने से करीब एक महीने पहले जारी कर दी जाती है पर इस बार ऐसा नहीं हुआ है।
इसलिए काफी मुसीबत हो रही थी। बहरहाल, गुरुवार शाम परीक्षा सामग्री डीआईओएस कार्यालय पहुंच गई। जिला विद्यालय निरीक्षक पीसी यादव के अनुसार शनिवार से परीक्षा सामग्री का वितरण किया जाएगा।
आठ उड़न दस्तों पर जिम्मेदारी
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए आठ उड़न दस्तों का गठन किया गया है। परीक्षा के दौरान उड़न दस्ते जनपद भर में घूमकर नकलचियों को पकड़ेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने उड़नदस्तों का गठन कर दिया है।