यूपी बोर्ड हाईस्कूल के नतीजों में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों ने फिर कमाल कर दिया। शुक्रवार दोपहर सवा एक बजे आए नतीजों में मोदीनगर सैदपुर गांव स्थित स्कॉलर एकेडमी इंटर कॉलेज की छात्रा कंचन शर्मा ने 90.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया है।
राजकीय ऑर्डिनेंस फैक्ट्री इंटर कॉलेज मुरादनगर के अभय प्रताप सिंह और अभय प्रताप जांगिड ने 89.83 फीसदी अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान पाया। वहीं, सीसीएस स्कूल लोनी का छात्र आरिफ 89.17 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
टॉपर कंचन शर्मा ने हिंदी में 95 अंक, अंग्रेजी 95, गणित 90, सोशल साइंस 84, विज्ञान 84 और कला में 95 अंक प्राप्त कर मोदीनगर का दबदबा कायम किया। सेकेंड टॉपर अभय प्रताप जांगिड ने हिंदी में 95 अंक, अंग्रेजी में 85, गणित में 85, सोशल साइंस में 86, विज्ञान में 95 और संस्कृत में 93 अंक प्राप्त किए।
दूसरे पायदान पर ही रहे अभय प्रताप सिंह ने हिंदी में 95 अंक, अंग्रेजी में 81, गणित में 90, सोशल साइंस में 89, विज्ञान में 91 और संस्कृत में 93 प्राप्त किए। चौथे पायदान पर रहे मोहित कुमार ने हिंदी में 91 अंक, अंग्रेजी में 88, गणित में 94, सोशल साइंस में 87, साइंस में 89 और कंप्यूटर में 85 अंक प्राप्त किए।