उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा संचालित संस्कृत परीक्षा के पूर्व मध्यमा द्वितीय खंड के परीक्षाफल के मेरिट लिस्ट में गड़बड़ी हुई है।
उत्तीर्ण छात्रों की अंक तालिका जारी होने के बाद इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ है।
पूर्व मध्यमा द्वितीय खंड में हल्द्वानी के छात्र कार्तिक जोशी ने प्रदेश टॉप किया है, जबकि बोर्ड की मेरिट लिस्ट में कार्तिक जोशी का नाम था ही नहीं। कार्तिक बरेली रोड तीनपानी का निवासी है।
मेरिट में संशोधन कराने की मांग
बोर्ड ने ऋषिकेश स्थित नेपाली संस्कृत महाविद्यालय के नवल किशोर को टॉपर घोषित किया था।
कार्तिक जोशी ने इस गड़बड़ी की शिकायत बोर्ड सचिव से की है और मेरिट में संशोधन कराने की मांग की है।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने 20 जून को पूर्व मध्यमा द्वितीय खंड और उत्तर मध्यमा द्वितीय का परीक्षाफल जारी किया था। बोर्ड ने दोनों की टॉप-टेन मेरिट जारी की थी।
अंक तालिका जारी होने के उजागर हुई गड़बड़ी
इसमें पूर्व मध्यमा द्वितीय खंड में नवल किशोर को टॉपर दर्शाया था। नवल किशोर ने 500 में से 391 अंक यानि 78.2 फीसदी अंक प्राप्त किए थे।
उत्तीर्ण छात्रों की अंक तालिका जारी होने के बाद पूर्व मध्यमा द्वितीय खंड की मेरिट में गड़बड़ी उजागर हुई है।
मेरिट में स्टेट टॉपर नवल किशोर नहीं, बल्कि हल्द्वानी स्थित दुर्गादत्त कपिलाश्रमी संस्कृत महाविद्यालय के छात्र कार्तिक जोशी हैं। कार्तिक ने 500 नंबरों में से 392 अंक यानि 78.4 फीसदी नंबर प्राप्त किए हैं।
बोर्ड की मेरिट लिस्ट में कार्तिक का नाम स्टेट टॉपर तो दूर टॉप टेन की सूची में ही दर्ज नहीं था।