देश के 20 आईआईटी, आईएसएम धनबाद, 31 एनआईटी, 16 आईआईआईटी (ट्रिपल आईटी) के अलावा सेंट्रल फंडेड और स्टेट फंडेड 18 तकनीकी शिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए अब केवल एक काउंसिलिंग होगी।
आईआईटी बांबे में शनिवार को हुई ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी की बैठक में यह अहम फैसला लिया गया। इसके साथ ही काउंसिलिंग का शिड्यूल भी जारी कर दिया गया है। सभी संस्थानों में दाखिले के लिए सेंट्रल सीट एलोकेशन बोर्ड (सीएसएबी) का गठन किया गया है।
इसके तहत 18 जून को जेईई एडवांस परीक्षा की आल इंडिया रैंक लिस्ट जारी कर दी जाएगी। 24 जून को जेईई मेंस की कॉमन मेरिट लिस्ट (सीएमएल) जारी कर दी जाएगी। 25 जून से 29 जून के बीच छात्र अपनी च्वाइस भर सकेंगे। इसके बाद एक जुलाई को प्रथम चरण की सीटें आवंटित कर दी जाएंगी।