इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) लखनऊ में शुक्रवार से तीन दिवसीय खेल व संगीत का मेगा फेस्ट वर्चस्व 2013 का आगाज होगा।
भावी प्रबंधक इन तीन दिनों में बिजनेस की पढ़ाई व बातों से दूर अपनी क्रिएटिविटी खेल व गीत और संगीत में दिखाएंगे। वर्चस्व में देश भर के 100 से अधिक टॉप इंस्टीट्यूटों के स्टूडेंट भाग लेंगे।
इसमें उन्हें पांच लाख रुपये तक का इनाम जीतने का मौका मिलेगा। आईआईएम लखनऊ में वर्चस्व का यह छठा एडिशन होगा। इसमें देश का सबसे नामचीन बैंड यूफोरिया अपना परफॉरमेंस देगा।
राष्ट्रीय कला एकेडमी के कलाकार कथक नृत्य की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में ‘जश्न’ के तहत रैम्प पर भावी प्रबंधकों के बीच फैशन परेड होगी।
मौज मस्ती के इन तीन दिनों में खेल व गीत-संगीत के एक से बढ़कर एक मुकाबले देखने को मिलेगा। वर्चस्व में देश भर के आईआईएम के स्टूडेंट्स के अलावा आईआईटी, दिल्ली यूनिवर्सिटी व निफ्ट जैसे नामचीन संस्थानों के स्टूडेंट भी शामिल हो रहे हैं।
छात्र स्पोर्ट्स, थिएटर, डांस, म्यूजिक, लिटरेरी, फैशन, रंगोली, फेस पेंटिंग, स्टिचिंग और ड्रेस डिजाइनिंग की प्रतियोगिताओं में शामिल होकर अपना वर्चस्व दिखाएंगे।
स्पोर्ट्स कैटेगरी में 13 गेम्स में स्टूडेंट अपनी हाथ अजमाएंगे। इसमें क्रिकेट, फुटबाल, बॉस्केटबॉल, स्नूकर, टीटी व स्विमिंग के अलावा ऑनलाइन कंप्यूटर गेम्स भी आयोजित किए जाएंगे।
वहीं हॉफ मैराथन का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा लोगों को एड्स के प्रति जागरूक करने के लिए भावी प्रबंधक नुक्कड़ नाटक का भी मंचन करेंगे।