कॉलेजों में रूसा शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा कि पिछले कुछ दिनों से विवि का सरवर ठप है। इस कारण बीबीए के विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंधित फार्म अपलोड करने में परेशानी हो रही है।
विद्यार्थियों के दस्तावेज विवि शिमला की वेबसाइट पर अपलोड नहीं हो रहे हैं। इस कारण विद्यार्थी इंटरनेट कैफे की दौड़ लगाने को मजबूर हैं। बीबीए के छात्रों का कहना है कि वे कॉलेज में पीरियड लगाएं या इंटरनेट कैफे में फार्म भरें। छात्रों का कहना था कि जब से रूसा शुरू हुआ वे मानसिक तौर पर परेशान हो रहे हैं।
बीबीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र योगेश, शाश्वत, अजय, काजल, सचिन, विजय, प्रशांत, प्रियंका, निशांत, विनीता, सिमरन व सुमित ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से विवि की वेबसाइट में बीबीए परीक्षा फॉर्म संबंधी दस्तावेज अपलोड नहीं हो रहे हैं। उन्हें बार-बार साइबर कैफे के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
छात्रों को पढ़ाई छोड़कर इंटरनेट कैफे में परीक्षा संबंधी फार्म भरने में ज्यादा समय बीत रहा है। उन्होंने छात्र हित को देखते हुए विवि से मांग की है सरवर की खराबी को शीघ्र दूर किया जाए।