डीयू में दाखिला ले रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। परीक्षा विभाग ने सत्र शुरू होने से पहले ही नवंबर-दिसंबर में होने वाली सेमेस्टर परीक्षा तिथियों की घोषणा कर दी है।
इससे छात्रों को न केवल समय से यह पता होगा कि परीक्षा कब है, बल्कि परीक्षा फॉर्म में पेपर कोड भरने में भी आसानी होगी। इसके साथ ही छात्रों को इन तिथियों में सुधार का अवसर भी दिया जा रहा है, जिसके लिए छात्र डीयू प्रशासन को 16 अगस्त तक फीडबैक भेज सकते हैं। इस आधार पर तिथियों में बदलाव संभव हो सकेगा।
पढ़ें:डीयू के नौ असिस्टेंट प्रोफेसरों का चयन रद्द
परीक्षा विभाग में ओएसडी डॉ. सतीश कुमार की ओर से जारी डेटशीट के मुताबिक, बीए प्रोग्राम की परीक्षाएं 24 नवंबर से 11 दिसंबर तक चलेंगी, जबकि बीकॉम पास की परीक्षा 24 नवंबर से 6 दिसंबर तक होंगी।
परीक्षा विभाग ने ऑनर्स और बीएससी कोर्स की परीक्षा तिथियों का भी शेड्यूल जारी कर दिया है। इसे डीयू की वेबसाइट www.du.ac.in पर देखा जा सकता है।
पढ़ें:सीसीएसयू : यूजी की पहली वेटिंग लिस्ट जारी
तिथियां घोषित होने से छात्रों को यह जानकारी मिलेगी कि किस कोर्स के किस पेपर का परीक्षा कोड क्या होगा। इन तिथियों में परिवर्तन भी हो सकेगा। दरअसल, कई बार ऐसा होता है कि छात्र किसी सर्टिफिकेट कोर्स की पढ़ाई भी कर रहे होते हैं, ऐसे में सेमेस्टर परीक्षा व सर्टिफिकेट कोर्स की परीक्षा की तिथियां मेल खा सकती हैं।
परीक्षा विभाग के अधिकारियों की मानें तो तिथियों के संबंध में जो भी फीडबैक मिलेगा, उसके आधार पर इसमें बदलाव संभव है, लेकिन इसके लिए शिक्षक, कॉलेज या फिर छात्र को कोई ठोस वजह बतानी होगी। जिन छात्रों ने सत्र 2013-14 में एफवाईयूपी के तहत दाखिला लिया है और जिनकी अब पढ़ाई तीन साल हो गई है, उनके लिए अलग-अलग डेटशीट जारी की जाती रहेगी।