एलयू में बुधवार को फीस जमा करने की तारीख बढ़ाने की मांग लेकर रजिस्ट्रार कैप्टन अमिताभ प्रकाश से मिलने गए छात्रों से उनकी कहासुनी हो गई।
इसके विरोध में छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। छात्रों का कहना था कि बीकॉम आनर्स व बीबीए के सेंकेंड ईयर की फीस जमा करने की तारीख बढ़ाई जाए।
स्टूडेंट्स को रजिस्ट्रार ने समझाया कि अब फीस जमा करने की तारीख बार-बार नहीं बढ़ायी जाएगी। जब दोनों तरफ से बहस बढ़ी तो रजिस्ट्रार नाराज हो गए और उन्होंने स्टूडेंट्स को कमरे से बाहर निकाल दिया।
स्टूडेंट्स के पक्ष में छात्र नेता अनुराग तिवारी, विश्वनाथ व मलखान सिंह भी उतर आए और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। स्टूडेंट्स का आरोप था कि उनके साथ अभद्रता की गई है।
आखिर अभी फीस जमा करने से करीब 25-30 स्टूडेंट रह गए हैं तो फीस जमा करने की तारीख क्यों नहीं बढ़ाई जा रही। वहीं, रजिस्ट्रार का तर्क था कि बार-बार अगर फीस जमा करने की तारीख बढ़ाया जाना उचित नहीं है।
उधर, एलयू के प्रॉक्टर प्रो. मनोज दीक्षित का कहना है कि अभी तक छात्र व रजिस्ट्रार की ओर से उन्हें ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर आगे कोई शिकायत मिली तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।