दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गई। डूसू के चारों पदों के लिए कुल 144 नामांकन पत्र भरे गए। इनमें अध्यक्ष के लिए 37 और उपाध्यक्ष के लिए 32 पर्चे दाखिल हुए। सबसे ज्यादा 41 लोगों ने सचिव पद के लिए नामांकन किया। सहसचिव के लिए 34 नामांकन हुए हैं। वहीं 12 छात्रों के पर्चे रद्द भी किए गए हैं।
पर्चे दाखिल करने वालों को बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे तक बैंक ड्राफ्ट के रूप में जमानत राशि डूसू कोषाध्यक्ष के नाम प्रशासन को जमा कराना होगा। प्रत्याशी पांच सितंबर तक नाम वापस ले सकते हैं। पांच सितंबर को ही उम्मीदवारों की अंतिम लिस्ट जारी की जाएगी।
अंतिम दिन विभिन्न छात्र संगठनों के छात्र नेता सुबह से ही नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए जुटने लगे थे। लगभग सभी संगठनों के छात्र नेताओं ने एक से अधिक पदों के लिए पर्चे जमा किए।
डूसू मुख्य चुनाव अधिकारी प्रोफेसर डीएस रावत ने बताया कि कुल 144 के अलावा 12 छात्रों के नामांकन को फॉर्म पूरे न होने या फिर उपस्थिति पूरी न होने के कारण रद्द भी किया गया है।
बुधवार को एबीवीपी के आठ प्रत्याशियों ने चार पदों के लिए पर्चे भरे। इनमें प्रवेश मलिक, आशुतोष माथुर, रोहित राणा, मोहित नागर, भावना राणा, कनिका शेखावत, सन्नी डेढा और सतेंद्र के नाम शामिल हैं।
वहीं एनएसयूआई ने आठ उम्मीदवारों का नामांकन कराया। जिनमें अमित सिद्धू टीमा, रोबिन चौधरी, अभिषेक चौधरी, गौरव तुषीर, मोना चौधरी, अक्षय लाकड़ा, भव्या शर्मा और प्रतीक कौशिक शामिल हैं। आइसा ने भी चारों पदों के लिए चार उम्मीदवारों का नामांकन कराया है। इनमें मधुरिमा, अमन नवाज, विक्रमादित्य और अमन गौतम है। आइसा आज अपना पैनल घोषित करेगी, वहीं बाकी संगठन शुक्रवार को चारों पदों के लिए अपने पैनल घोषित करेंगे।