साल का कोई दिन या कोई भी मौसम हो, पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के हॉट स्पॉट स्टूडेंट सेंटर में हमेशा रौनक रहती है। पीयू से पढ़ाई पूरी कर चुके और वर्तमान में जज, आईएएस अधिकारी, इंजीनियर या विदेश में भी बस चुके पुराने स्टूडेंट्स के लिए स्टूडेंट सेंटर हमेशा ही दोस्तों के साथ चाय की चुस्कियों के लिए पहली पसंद रहता है।
पीयू का स्टूडेंट सेंटर सही मायनों में युवा जिंदादिली की दास्तां कहता है। पीयू के पुराने स्टूडेंट्स यादों को ताजा करने के लिए दोस्तों या परिवार के साथ अकसर स्टूडेंट सेंटर (स्टूसी) पर जरूर आते हैं।
देश के दूसरे शहरों में सेटल हो चुके पीयू के पुराने स्टूडेंट्स जब भी सिटी ब्यूटीफुल आते हैं तो सभी के लिए आपस में मिलने का सबसे पसंदीदा स्पॉट पीयू स्टूडेंट सेंटर ही होता है। इसकी घुमावदार बिल्ंिडग और आसपास सौ साल से भी पुराने पेड़ों को देख वक्त का पता ही नहीं चलता।
दिल में बसता है स्टूडेंट सेंटर
करीब 10 साल पीयू कैंपस में गुजारने वाले उदय भान कहते हैं कि इतने वर्षों में शायद ही कोई ऐसा दिन हो जब कैंपस में रहते हुए स्टूडेंट सेंटर की चाय नहीं पी हो। दोस्तों के साथ वक्त गुजारने की यहां से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती। स्टूडेंट सेंटर की रौनक हर किसी को आकर्षित करती है।
पंजाबी में एमफिल कर चुके गगनदीप कहते हैं कि स्टूडेंट सेंटर तो मानों युवाओं का दिल है। यहां की चाय पीकर एक अलग ही ताजगी महसूस होती है।
पीयू से एलएलबी और एमए करने वाले मुक्तसर निवासी जस्सी सरा कहते हैं कि पीयू की स्टूडेंट लाइफ में वह स्टूडेंट सेंटर को कभी नहीं भूल सकते। यहां पर तो अकेला आदमी भी बोर नहीं हो सकता।
पीयू के सांख्यिकी विभाग की छात्रा शिवांगी का कहना है कि स्टूडेंट्स के लिए स्टूडेंट सेंटर से बेहतर खाने का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। साथ ही दोस्तों के साथ अच्छा वक्त बीत जाता है।
साउथ इंडियन व्यंजनों का लुत्फ
पीयू स्टूडेंट पर वैसे तो राजमा चावल से लेकर चाय-कॉफी, नींबू पानी और शेक हर किसी का फेवरेट है, लेकिन स्टूडेंट सेंटर की सबसे ऊपरी मंजिल पर बना साउथ इंडियन कॉफी हाउस तो यहां की खास पहचान है। साउथ इंडियन डोसा, सांभर बड़ा के साथ चाय और कॉफी का हर कोई मुरीद है।
कॉफी हाउस संचालक जोए बताते हैं कि मार्केट की तुलना में यहां पर डोसा (30 रुपये) और सांभर बड़ा (12 रुपये) के हिसाब से मिलता है। हर रोज 200 से 250 स्टूडेंट कॉफी हाउस में आते हैं।
स्टूडेंट सेंटर पर खाने के रेट
चाय-7 रुपये
कॉफी-15 रुपये
डोसा-30 रुपये
सांभर बड़ा-12 रुपये
मिल्क शेक-20 से 30 रुपये
वेज थाली-48 रुपये
राजमा चावल-34 रुपये
पनीर थाली-56 रुपये