उत्तराखंड के श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध बीएड कॉलेजों की सत्र 2013-14 की 12 मई से होने वाली बीएड परीक्षा फिर स्थगित कर दी गई है।
विवि ने इससे पहले भी अप्रैल में परीक्षा स्थगित की थी। गुरुवार को उच्च शिक्षा मंत्री इंदिरा हृदयेश से वार्ता के बाद परीक्षा दो सप्ताह के लिए स्थगित की गई। श्रीदेव सुमन विवि के उप कुलसचिव हंसराज बिष्ट ने बताया कि बीएड की रुकी हुई परीक्षाएं 12 मई से दोबारा प्रस्तावित की गई थीं।
लेकिन शुल्क निर्धारण समिति का कोई फैसला अभी तक न होने की वजह से मामले में उच्च शिक्षा मंत्री से फोन पर बात की गई। उच्च शिक्षा मंत्री इंदिरा हृदयेश ने कहा कि परीक्षा का प्रबंध इस तरह से कराया जाए कि कोई भी छात्र परीक्षा से वंचित न रह जाए।
चूंकि गलत दाखिलों के मामले पर शासन में शुल्क निर्धारण समिति की बैठक 18 मई को प्रस्तावित है, लिहाजा परीक्षाएं फिलहाल न कराई जाएं। इसके बाद उन्होंने विवि कुलपति डॉ. यूएस रावत से बात की। विवि ने फिलहाल बीएड की परीक्षाएं दो सप्ताह के लिए स्थगित कर दी हैं। अब इनका नया परीक्षा कार्यक्रम जारी किया जाएगा।