एचपी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी को हटाने के लिए छात्र एससीए के साथ सड़कों पर उतर आए हैं। पूर्व एससीए के बैनर तले एसएफआई और एससीए कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भी यूनिवर्सिटी में पुस्तकालय के बाहर ढाई घंटे तक धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कुलपति हटाओ विवि बचाओ के नारों के साथ प्रदेश सरकार से कुलपति को हटाने की मांग की। साथ ही नुक्कड़-नाटक और पोस्टर बैनरों के माध्यम से भी वीसी को घेरा गया।
सभा को संबोधित करते हुए एससीए के पूर्व अध्यक्ष राजन हारटा, सचिव पीयूष सेवल ने कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी पर विवि के पैसों की बर्बादी करने, छात्र कर्मचारी शिक्षकों के हितों को नजरअंदाज करने और भ्रष्टाचार व फिजूलखर्जी के आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि कुलपति लगातार विवि के पैसों को बर्बाद कर निजी स्वार्थों को साधने का काम कर रहे हैं। पूर्व एससीए अध्यक्ष राजन हारटा ने चेताया कि यदि प्रदेश सरकार ने कुलपति को तुरंत पद से न हटाया तो, कुलपति को हटाने को लेकर अगला प्रदर्शन कुलपति आवास और राजभवन के बाहर होगा।
पुलिस को छकाया
परिसर के मुख्य गेट पर प्रदर्शनकारियों को परिसर में जाने से रोकने के लिए तैनात पुलिस कर्मियों को मालूम ही नहीं पड़ा कि कब पुस्तकालय के बाहर सैकड़ों छात्रों की भीड़ एकत्र हो गई।
मुख्य गेट पर एक ग्रुप नारेबाजी करते एक बजे पहुंचा। वहीं दूसरी ओर लॉ ब्लॉक की ओर से प्रदर्शनकारियों ने पुस्तकालय के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन भी शुरू कर दिया। इसी बीच मुख्य गेट पर तैनात छात्र छात्राएं भी दौड़ते हुए प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गई।