हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शुक्रवार को कनाडा अध्ययन केंद्र की दो दिवसीय संगोष्ठी शुरू हुई। इसका शुभारंभ विवि के कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी ने किया।
संगोष्ठी में शामिल हुए प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि लोक नीति कार्यान्वयन में लोकतांत्रिक मूल्य अहम होते है। इसी के आधार पर कल्याणकारी राज्य और प्रजातांत्रिक सरकारों का गठन होता है।
भारत कनाडा में लोकनीति, अधिकार और लोकतंत्र विषय पर आयोजित संगोष्ठी में उन्होंने कहा कि कनाडा और भारत दोनों देशों की परंपरागत सांस्कृतिक, आर्थिक, राजनैतिक स्थिति लगभग एक समान है।
यह समान सोच के साथ ही प्रभावी लोकनीति का निर्माण करते है। इससे लोकनीति को क्रियान्यवित करने में मामूली अंतर है।
उन्होंने कहा कि तुलसीदास के रामचरित मानस में राम राज्य का विवेचन, तो कौटिल्य का अर्थशास्त्र सुशासन पर और कालिदास का रघुवंशम प्रजातंत्र पर बहुत कुछ कहते हैं।
मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए कनाडा काउंसिल जनरल डॉ. रजनी एलग्जेंडर ने भारत और कनाडा की समानताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार कनाडा में नीतियां बनाने में सभी का योगदान रहता है उसी तरह भारत में भी हर मन्त्रालय में नीति संबंधित सलाहकार और शोध संस्थाएं हैं।