देहरादून के ग्राफिक एरा पर्वतीय विवि के बीटेक अंतिम वर्ष के दो छात्रों को दुनिया के पांच प्रमुख विवि ने मास्टर डिग्री के लिए एडमीशन ऑफर किया है।
इसमें रुद्रपुर के एक छात्र अनमोल सरीन को 22 लाख रुपए की स्कालरशिप ऑफर की गई है। ग्राफिक एरा के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र अनमोल सरीन को अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास, सेंट एन्टोनियो ने मास्टर डिग्री के लिए 22 लाख रुपये की स्कॉलरशिप देने का प्रस्ताव भेजा है।
वहीं अनमोल को न्यूयार्क यूनिवर्सिटी के पीएसई ने मैन्यूफैक्चरिंग इंजीनियरिंग में मास्टर्स करने के लिए नौ लाख रुपये की स्कॉलरशिप देने की पेशकश की गई है। इस छात्र का अमेरिका के नेब्रास्का लिंकन यूनिवर्सिटी में भी चयन हो गया है। इन विवि ने अनमोल सरीन को स्कॉलरशिप की स्वीकृति और चयन होने की सूचना भेजी है।
इसके अलावा ग्राफि क एरा पर्वतीय विवि के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र नीरज डंगवाल को अमेरिका के पांच विवि में हायर स्टडी के लिए चुना गया है। दिल्ली निवासी नीरज को कोलराडो स्टेट यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास, अर्लींगटन, डलास, लुईसयाना स्टेट यूनिवर्सिटी और वाशिंगटन स्टेट यूनिवर्सिटी ने प्रवेश के प्रस्ताव भेजे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले ग्राफिक एरा के तुषार गुप्ता को यूनिवर्सिटी ऑफ टैक्सास से 40 लाख रुपए से अधिक की स्कॉलरशिप मिल चुकी है। पर्वतीय विवि के कुलपति डॉ. संजय जसोला ने दोनों छात्रों को बधाई दी।