पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) सीनेट की आज होने वाली बैठक में कुछ मुद्दों पर हंगामा हो सकता है। इससे पहले पीयू सीनेट की बैठक मार्च में हुई थी, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुए बिना ही बैठक को स्थगित कर दिया गया था।
सीनेट की इस बैठक में अधूरे रह गए मुद्दों को पारित करने के लिए कुलपति ने रविवार को सीनेट की बैठक बुलाई है। बैठक में पीयू में गेस्ट फैकल्टी या पार्य टाइम के तौर काम करने वाले शिक्षकों की नियुक्ति संबंधी नियमों को मंजूरी दी जाएगी।
उम्मीद है कि बैठक में अंडर ग्रेजुएट कोर्सो में सेमेस्टर सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव भी लाया जाएगा। इस प्रस्ताव को सीनेट से पारित कराना जरूरी है। क्योंकि नए शिक्षा सत्र से इसे लागू होना है और कालेजों को अगले सप्ताह तक प्रास्पेक्टस जारी करने हैं।
बैठक में पीयू और इसके क्षेत्रीय केंद्रों में एसोसिएट प्रोफेसरों की नियुक्ति के लिए नए टैंपलेट को भी मंजूरी दी जाएगी। बैठक में पीयू के एकेडमिक कैलेंडर को भी पारित किया जाएगा।
सेमेस्टर सिस्टम लागू करने की तैयारी
अंडरग्रेजुएट कोर्सों में सेमेस्टर सिस्टम लागू करने के लिए पीयू ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए शुक्रवार और शनिवार को पीयू के विभिन्न संकायों की बैठक में सिलेबस पारित किए गए। शनिवार को कॉमर्स संकाय की बैठक हुई।
बैठक में बोर्ड ऑफ स्टडीज की ओर से तैयार सिलेबस को पारित न कर कमेटी का गठन कर दिया गया और कमेटी से 10 जून तक रिपोर्ट देने को कहा गया है।