पंजाब यूनिवर्सिटी के कम्यूनिटी रेडियो स्टेशन 91.2 ज्योतिर्गमय ने वीरवार को स्थापना के तीन साल पूरे किए। इस मौके पर पीयू के स्कूल ऑफ कम्यूनिकेशन स्टडीज में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
चंडीगढ़ पुलिस के आईजी आरपी उपाध्याय बतौर मुख्य अतिथि और एडवोकेट जनरल ऑफ पंजाब अशोक अग्रवाल विशेष अतिथि के तौर पर पहुंचे। पीयू कुलपति प्रो. अरुण कुमार ग्रोवर ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
रेडियो स्टेशन 91.2 के तीन साल पूरे होने पर वीरवार को ‘कानून और आप’ नाम से प्रोग्राम शुरू किया गया। मास कम्यूनिकेशन विभागाध्यक्ष जयंत एन पेटकर ने बताया कि इस प्रोग्राम के माध्यम से आम लोगों को कानून और उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस मौके पर रेडियो स्टेशन से तीन घंटे का स्पेशल प्रोग्राम रेडियो रिवाइंड भी चलाया गया। इसमें आईजी उपाध्याय ने कहा कि कम्यूनिटी रेडियो से लोगों को ट्रैफिक नियमों के बारे में भी जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पीयू के स्टूडेंट रेडियो के माध्यम से लोगों को बेहतर चीजों के बारे में जागरूक कर रहे हैं।
रेडियो स्टेशन हेड सुनील शर्मा ने बताया कि पिछले तीन वर्ष में रेडियो स्टेशन ने लोगों को अपने साथ जोड़ा है। उन्होंने बताया कि ‘कानून और आप’ प्रोग्राम में श्रोता सीधे फोन से सवाल पूछ सकेंगे और एक्सपर्ट उनके जवाब देंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मास कम्यूनिकेशन विभाग के स्टूडेंट दमनप्रीत कौर, अर्शप्रीत कौर, निधि भारती, मेघा ढिंगरा, अनीता बेदी, गुरसिमरनजीत कौर, कोमल कौशल, नेहा मेहता, विद्या, मोहिनी, विकास राणा और आस्था चोपड़ा ने सहयोग किया।