पंजाब के शिक्षामंत्री दलजीत सिंह चीमा ने अगले दो महीने में 14 हजार टीचर भर्ती करने का ऐलान किया है, जिसकी प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी। शिक्षामंत्री डॉ. दलजीत सिह चीमा सरकारी कॉलेज में गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को कायम रखने के लिए हमें देश विरोधी अंदरूनी और बाहरी ताकतों का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। ऐसी ताकतों को अपने उद्देश्यों में कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। इससे पहले उन्हें परेड कमांडर वरुण शर्मा की अगुवाई वाली पुलिस, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट कर सलामी दी।
समागम में सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा, कनाडा के सांसद गुरबंत सिंह विशेष मेहमान के रूप में हाजिर हुए। इसके अलावा डीसी तजिंदर पाल सिह सिद्धू, एसएसपी जीएस भुल्लर समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस मौके पर शिक्षामंत्री ने देश की एकता और अखंडता को बकरार रखने वाले फौज, अर्ध सरकारी बल व दीनानगर व पठानकोट में हुए आतंकी हमले को नाकाम करने वाले बहादुर पंजाब के अफसरों और जवानों को श्रद्धा के फूल भेंट किए। फिर उन्होंने गणतंत्र दिवस की महत्ता के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि कोई भी देश या राज्य अमन व शांति के बिना तरक्की नहीं कर सकता है। पंजाब देश का सबसे शांत राज्य है। इसके साथ ही उन्होंने राज्य की मौजूदा अकाली भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। साथ ही सरकार द्वारा लोगों व इंडस्ट्री को दी जा रही सुविधाओं के बारे में बताया।
शिक्षामंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार ने राज्य में शिक्षा के स्तर को उठाने के लिए काफी प्रयास किए हैं। आज पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में से एक है। मौजूद सरकार ने 70 हजार अध्यापकों की भर्ती की है। आने वाले दो महीनों में चौदह हजार टीचर भर्ती किए जाएंगे।
114 करोड़ की लागत से फ्री साइकिल बांटीं
शिक्षामंत्री ने बताया कि माई भागो स्कीम के तहत 9वीं से लेकर 12वीं तक के चार लाख 16 हजार छात्रों को 114 करोड़ की लागत से फ्री साइकिल वितरित किए गए हैं। वहीं, लड़कियों को 12वीं तक फ्री शिक्षा दी जा रही है। 400 स्कूलों में वोकेशनल शिक्षा दी जा रही है। राज्य में सात रेजिडेंशियल मेरीटोरियस स्कूल खोले गए हैं। जहां पर 10वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सारी सुविधाएं दी जाती हैं।
80 फीसदी अंक लेने वाले को हर महीने स्कॉलरशिप
इसके अलावा हरगोबिंद खुराना स्कालरशिप स्कीम के तहत 10वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले सरकारी स्कूूलों के विद्यार्थियों को 2500 रुपये प्रति महीने 60 हजार विद्यार्थियों को वजीफा दिया गया है।
आईटी हब बनेगा मोहाली
शिक्षामंत्री ने बताया कि मोहाली को आईटी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनने से लोगों को सुविधा होगी।
इन्हें मिलेगा पांच लाख का पुरस्कार
समागम में जिन बच्चों ने सभ्याचारक प्रोग्राम पेश किया। उन्हें पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने का एलान किया गया। इस मौके पर जहां बच्चों ने सभ्याचारक प्रोग्राम पेश किया। वहीं, झांकियां भी पेश की गईं।