पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की तरफ से जारी दसवीं के परीक्षा परिणाम में लुधियाना की छात्राएं छा गई हैं। शास्त्री नगर स्थित आरएस मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की रिया ने 650 में से 635 अंक (97.69 प्रतिशत) प्राप्त कर पंजाब में पहला स्थान प्राप्त किया।
विज्ञापन
इसी स्कूल की महिमा 632 अंक (97.23 प्रतिशत) लेकर दूसरे तो जन्नतप्रीत कौर ने 630 अंक (96.92 प्रतिशत) लेकर पंजाब में तीसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा इसी स्कूल की जपसिमरन कौर ने आठवां और भाविका ने दसवां स्थान हासिल किया और 15 अन्य विद्याथियों ने भी मेरिट में स्थान पाया है।
ननकाना साहिब स्कूल के 11 विद्यार्थी मेरिट लिस्ट में आए हैं। पंजाब के कुल 384 विद्यार्थियों में लुधियाना के 64 बच्चों ने मेरिट लिस्ट में जगह बनाई है।
मेरिट सूची में अधिकतर स्थानों पर लड़कियां
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के दसवीं कक्षा के रिजल्ट में भी लड़कियां आगे रही हैं। टॉप तीन स्थानों में इस बार सात विद्यार्थी अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। जिनमें पांच लड़कियां हैं।
वहीं, मेरिट सूची में अधिकतर स्थानों पर लड़कियों ने ही कब्जा किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत भी लड़कों से अधिक है। सोमवार को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड में शिक्षामंत्री सिकंदर सिंह मलूका ने रिजल्ट घोषित किया।
इस मौके पर बोर्ड के वाइस चेयरमैन कुलदीप चंद अग्निहोत्री एवं सचिव गुरिंदर पाल सिंह बाठ भी हाजिर थे। विद्यार्थी मंगलवार सुबह दस बजे से बोर्ड की वेबसाइट पर रिजल्ट देख पाएंगे।
विद्यार्थियों का पास प्रतिशत 72.25 प्रतिशत
शिक्षामंत्री ने बताया परीक्षा में 375358 विद्यार्थी अपीयर हुए थे। इसमें 271196 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की है। पास प्रतिशत 72.25 प्रतिशत रहा है। 80772 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है। जबकि 20932 विद्यार्थी फेल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि आरएस मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शास्त्री नगर, लुधियाना की छात्रा रिया ने 635/650 (97.69 प्रतिशत) अंक लेकर पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर सामूहिक रूप से दो विद्यार्थी रहे हैं। इनमें आरएस मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल लुधियाना की महिमा नागपाल एवं बाल विद्या मंदिर हाईस्कूल नंगल कोटली मंडी, गुरदासपुर का पंकुश महाजन शामिल हैं।
दोनों ने 632/650 (93.23) प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। तीसरे स्थान पर चार विद्यार्थी रहे हैं। इनमें आरएस मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लुधियाना की जन्नतप्रीत कौर, एसएवी जैन-डे बोर्डिंग स्कूल, ऊना रोड होशियारपुर की गगनजोत कौर, विवेकानंद हाईस्कूल पठानकोट का लोकेश महाजन एवं श्री सूरज कुंड सर्वहितकारी विद्यामंदिर खडियाल रोड, संगरूर की मुस्कान गर्ग शामिल हैं। सभी ने 630 (96.92) प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
टॉपर होंगे नगद पुरस्कार राशि से सम्मानित
लड़कियों की पास प्रतिशत लड़कों की तुलना में (13.12 प्रतिशत) अंक है। स्पोर्ट्स कोटे के तहत 717 विद्यार्थियों को 15 और 25 अंक दिए गए। इनमें से 15 विद्यार्थी बोर्ड की मेरिट सूची में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं।
मेरिट सूची में 54 स्थान लेकर जिला लुधियाना टॉप रहा है। कपूरथला का एक विद्यार्थी ही मेरिट सूची मे अपनी जगह बना पाया है। पास प्रतिशत में जिला तरनतारन (89.14) पास प्रतिशत के साथ टॉपर रहा। बरनाला (59.12) पास प्रतिशत के साथ आखिरी स्थान पर रहा।
शिक्षामंत्री ने बताया कि पहले तीन स्थानों पर आने वाले सभी विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार रािश से सम्मानित किया जाएगा। इसमें टॉपर को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। दूसरे स्थान पर रहने वाले दोनों विद्यार्थियों को 75-75 हजार रुपये एवं तृतीय स्थान पर रहने वाले चारों विद्यार्थियों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
रिजल्ट देखने के लिए बोर्ड ने विद्यार्थियों को कई विकल्प मुहैया कराए हैं। इनमें एसएमएस, आईवीआरएस एवं यूएसएसडी शामिल हैं। जबकि दो वेबसाइटों के माध्यम से भी रिजल्ट देखा जा सकता है।
बोर्ड की वेबसाइट साइट से रिजल्ट के लिए www.pseb.ac.in पर लॉगिन करना होगा। इसके अलावा www.indiaresults.com पर रिजल्ट देखा जा सकता है।