सेक्टर 45 स्थित देव समाज गर्ल्स कॉलेज में आज विद्यार्थियों ने हंगामा कर दिया। विद्यार्थी कॉलेज में कंपार्टमेंट की परीक्षा देने के लिए आए थे, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने यह कहकर परीक्षा कराने से मना कर दिया कि यहां कोई एग्जाम सेंटर नहीं बना है।
यह सुनकर परीक्षा देने आए सभी विद्यार्थी भड़क गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने पीयू और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। परीक्षार्थियों का कहना है कि हम लोग सुबह से आए हुए हैं। दूर-दूर से आए हुए हैं।
कोई पंजाब से है तो कोई हिमाचल से। कई स्टूडेंट्स तो रात भर सफर करके आए हैं। अभिभावक भी साथ में आए हुए हैं। ऐसे में पेपर कैंसिल हो जाना और इस तरह से कॉलेज प्रशासन का एग्जाम कराने से मना कर देना ज्यादती है।
परीक्षार्थियों का कहना है कि पीयू प्रशासन की ओर से जो एडमिट कार्ड दिए गए हैं, उन पर इसी कॉलेज का नाम लिखा हुआ है, जबकि कॉलेज प्रशासन ऐसा होने से इंकार कर रहा है। यह बिल्कुल गलत है। परीक्षार्थियों के साथ आए उनके अभिभावक पीयू प्रशासन की इस लापरवाही से खासे नाराज हैं।
उनका कहना है कि हमने पंजाब यूनिवर्सिटी जाकर अधिकारियों से बातचीत की है। अधिकारी अब दो अप्रैल को एग्जाम कराने की बात कह रहे हैं, लेकिन आज जो परेशानी बच्चों और अभिभावकों को उठानी पड़ी है, उसका खामियाजा तो हमें ही भुगतना पड़ेगा।