पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद सालों से रेगुलर करने की मांग पूरी नहीं होने पर पीयू कर्मचारी सड़क पर आ गए। पीयू वीसी दफ्तर के सामने 9 बेलदार और कुछ अन्य कर्मचारियों ने रेगुलर करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन और धरना देना शुरू कर दिया।
कर्मचारियों का आरोप है कि कोर्ट द्वारा मामले में पॉलिसी बनाकर रेगलुर करने के आदेशों के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कर्मचारियों के विरोध को देखते हुए शाम करीब पौने पांच बजे पीयू कुलपति ने मामले में 11 मार्च तक उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन बंद किया।
पीयू नॉन टीचिंग सी क्लास एसोसिएशन प्रधान उमा शंकर ने बताया कि पीयू में बेलदार के 54 पद स्वीकृत हैं, लेकिन 9 बेलदार को कोर्ट के आदेश के बावजूद पक्का नहीं किया जा रहा।
उन्होंने बताया कि 27 चौकीदार और करीब इतने ही सिक्योरिटी गार्ड को भी पक्का किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुलपति ने 11 मार्च तक मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अगर तब भी कुछ नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू होगा। उधर नॉन टीचिंग एसोसिएशन प्रधान दीपक कौशिक का कहना है कि पीयू को रेगुलर पॉलिसी फोलो कर सालों से कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना चाहिए।
उधर पीयू कुलपति दफ्तर के सामने स्टूडेंट फॉर सोसाइटी के विद्यार्थियों का फीस बढ़ोतरी को लेकर विरोध जारी हैं। बरसात और ठंड के बावजूद एसएफएस छात्र चैन हंगर स्ट्राइक पर बैठे हुए हैं।