उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित पालीटेक्निक की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जीप-2014) की तिथियों में फेरबदल किया गया है।
परिषद सचिव की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक अब प्रवेश परीक्षा का आयोजन 11 और 12 मई को दो पालियों में होगा।
परिषद की ओर से राज्य के 90 डिप्लोमा आधारित संस्थानों में छात्रों के लिए पालीटेक्निक संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जीप-2014) का आयोजन कराया जा रहा है।
परीक्षा के लिए आवेदन फार्म जारी करते हुए प्रॉस्पेक्टस में परीक्षा की तिथि चार और पांच मई निर्धारित की थी। लेकिन, अब परिषद ने संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए 11 और 12 मई की तिथि जारी की है।
यह है नया कार्यक्रम
परिषद सचिव हरि सिंह की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक 11 मई को पहली पाली में इंजीनियरिंग ग्रुप और दूसरी पाली में फार्मेसी ग्रुप के छात्रों की परीक्षा का आयोजन होगा। जबकि 12 मई को पहली पाली में होटल मैनेजमेंट, मॉर्डन आफिस मैनेजमेंट ग्रुप और पीजी डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन ग्रुप की परीक्षा और दूसरी पाली में टी व ए ग्रुप की परीक्षा आयोजित की जाएगी।