सेना में खुली भर्ती के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। भर्ती कार्यालय रोहतक की ओर से मिली सूचना के अनुसार रोहतक, पानीपत, सोनीपत और झज्जर के युवाओं के लिए सेना में खुली भर्ती होगी। यह भर्ती 29 अक्टूबर से 8 नवंबर तक झज्जर पुलिस लाइन में होगी।
भर्ती कार्यालय रोहतक के निदेशक कर्नल राजन बक्शी ने बताया कि खुली भर्ती में जनरल ड्यूटी सिपाही, सिपाही क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी के पद पर चयन किया जाएगा। इसके अलावा हिमाचल, हरियाणा (पलवल, फरीदाबाद, गुड़गांव, मेवात को छोड़कर) और यूटी चण्डीगढ़ के वह भूतपूर्व सैनिक जिन्होंने अपना नाम रजिस्ट्रेशन एआरओ ऑफिस में दर्ज करवाया है भाग ले सकेंगे।
इस जिले के लिए इस दिन होगी भर्ती
कर्नल राजन के मुताबिक सैनिक जनरल ड्यूटी के लिए पानीपत जिले की भर्ती 29 अक्टूबर को होगी। 30 अक्टूबर को झज्जर, 31 अक्टूबर सोनीपत और 1 नवंबर को रोहतक जिले के युवा भाग्य आजमाएंगे।
सैनिक लिपिक/स्टोर कीपर तकनीक के पद के लिए सोनीपत जिले की भर्ती 2 नवंबर, झज्जर जिले की 3 नवंबर को, रोहतक जिले की 4 नवंबर और पानीपत जिले के युवाओं की भर्ती 5 नवंबर को होगी।
5 नवंबर को मिलेगा भूतपूर्व सैनिकों को मौका
रक्षा सेवा कोर में पूरा हिमाचल, हरियाणा (पलवल, फरीदाबाद, गुड़गांव और मेवात को छोड़कर) और यूटी चण्डीगढ़ के भूतपूर्व सैनिक जिन्होंने अपना नाम रजिस्ट्रेशन एआरओ ऑफिस में दर्ज करवाया है की भी भर्ती होगी। यह भर्ती 5 नंवबर को पुलिस लाइन झज्जर में ही होगी।
6 नवंबर से होगी मेडिकल जांच
पहले दौर में चयनित अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच 6 से 8 नवंबर, 2014 तक होगी। सैनिक जनरल ड्यूटी, सैनिक लिपिक और स्टोर कीपर तकनीकी, शारीरिक परीक्षा, चिकित्सा परीक्षा और दस्तावेज जांच में सफल अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा रोहतक में होगी। यह सामान्य भर्ती लिखित परीक्षा 25 जनवरी, 2015 रविवार को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक होगी।
यह ले सकते हैं भाग
कर्नल राजन बख्शी ने बताया कि सिपाही जनरल ड्यूटी के लिए उम्मीदवार की आयु साढ़े 17 वर्ष से 21 वर्ष होनी चाहिए। ऊंचाई 170 सेमी., वजन 50 किलोग्राम और सीना 77/82 सेमी होना जरूरी है। उम्मीदवार को कम से कम दसवीं पास होना चाहिए। सिपाही क्लर्क व स्टोर कीपर तकनीकी के लिए आयु सीमा साढ़े 17 वर्ष से 23 वर्ष है। ऊंचाई 162 सेमी., वजन 50 किलोग्राम और सीना 77.82 सेमी होना चाहिए। इन पदों के लिए उम्मीदवार को कम से कम 12 वीं पास होना जरूरी है।
यह करना होगा अभ्यर्थियों को
उम्मीदवारों को भर्ती के दौरान शारीरिक परीक्षा के लिए 1.6 किलोमीटर की दौड़, पुलअप कम से कम 6 बार, 9 फुट का गड्ढा कूदना, जिगजैग बैलेंस पर चलना इत्यादि में भाग लेना पडे़गा। सिर्फ सिख और सिख (मजहबी और रामदसिया) अभ्यर्थियों को भर्ती के लिए संयुक्त फोटो, अभ्यर्थी और उसके पिता के साथ, उपयुक्त माथे लगने वाली पोशाक (पगड़ी), जाति प्रमाणपत्र तहसीलदार के हस्ताक्षर के साथ जिस पर तहसीलदार का नाम, कार्यालय का फोन नंबर और पता हो और जाति प्रमाण पत्र जमा करवाना होगा।
सभी उम्मीदवारों को 12 रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो, 10वीं/12वीं पास का प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, सेवारत सैनिक, पूर्व सैनिक, सैन्य और युद्ध विधवाओं के पुत्र अपने पिता के अभिलेख कार्यालय की ओर से जारी किया गया रिलेशनशिप प्रमाणपत्र और डिस्चार्ज बुक साथ लाना होगी, 18 साल से कम उम्र के उम्मीदवार का प्रमाणपत्र, एनसीसी प्रमाणपत्र, खेल का मूल प्रमाणपत्र साथ में दो प्रतिलिपि के साथ लाना होगा। अभ्यर्थी को सामूहिक परिवार की फोटो अवश्य लायें।
यह है चेतावनी
कर्नल राजन ने बताया कि जो भी अभ्यर्थी नकली प्रमाण पत्र जमा करेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। या तो पुलिस को सौंप दिया जाएगा या फिर उन्हें सेना के नियमों के अनुसार ही दंडित किया जा सकता है।
(सेवारत सैनिक/पूर्व सैनिक/सैन्य एवं युद्ध विधवाओं के पुत्र)उनकी डिस्चार्ज बुक की गुमशुदगी की एफआईआर की कॉपी मान्य नहीं होगी। मोबाईल लाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थी दलालों और असामाजिक तत्वों से सावधान करते हुए भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो। भर्ती नि:शुल्क, साफ और क्षमता पर आधारित है। इसलिए वे किसी दलाल व ठग के झांसे में न आये।