शहर के पांच सरकारी कालेजों में दाखिले के लिए पहली बार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई है। मंगलवार तक विभिन्न कोर्स में 9100 से अधिक स्टूडेंट ने आवेदन किया है। पहली बार शुरू किए नए प्रयोग में स्टूडेंट की दिक्कतों को देखते हुए कालेजों में ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा दी गई है।
लगभग सभी कालेजों में हर रोज 60 से 100 स्टूडेंट कालेज की कंप्यूटर लैब से आवेदन कर रहे हैं। कालेजों में यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क है, लेकिन शहर के विभिन्न साइबर कैफे और मार्केट में स्टूडेंट्स से ऑनलाइन आवेदन के 100 रुपये तक चार्ज कर रहे हैं।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने सभी संपर्क सेंटर पर भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा दी है। स्टूडेंट को यहां 25 रुपये फीस देनी होगी। जीसीजी-11 कंप्यूटर विभाग के हेड प्रो.प्रदीप वालिया ने बताया कि कंप्यूटर लैब से आवेदन करने के लिए हर रोज 50 से 60 स्टूडेंट पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्टूडेंट को उनकी परसेंटेज के हिसाब से सही विकल्प भी बताया जा रहा है।
पीयू सिंगल विंडो में बढ़ेगी कर्मचारियों की संख्या
पीयू कैंपस में नए सत्र में दाखिले का दौर शुरू हो चुका है। विभिन्न एंट्रेंस टेस्ट के बाद अब स्टूडेंट कई तरह की जानकारी के लिए कैंपस में पहुंच रहे हैं। जानकारी के अनुसार पीयू स्थित सिंगल विंडो इंक्वायरी पर प्रतिदिन 450 से 500 स्टूडेंट रिजल्ट और अन्य जानकारी के लिए पहुंच रहे हैं।
उधर इसी साल ईमेल हेल्पलाइन पर भी 250 से 300 सवाल हर रोज आ रहे हैं। मंगलवार को पीयू में सिंगल विंडो पर हेल्पडेस्क को बढ़ाने के लिए अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें सिंगल विंडो पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
छात्र नेता 25 जून से शुरू करेंगे हेल्पडेस्क
पीयू कैंपस में सभी छात्र संगठनों को हर साल एडमिशन के दिनों में हेल्पडेस्क लगाने की इजाजत दी जाती थी, लेकिन इस साल पीयू प्रशासन ने इस मामले पर अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। पीयू डीएसडब्ल्यू प्रो.नवदीप गोयल ने बताया कि हेल्पडेस्क किसी संगठन के नाम से नहीं दिया जाएगा। क्योंकि किसी छात्र संगठन को पीयू से मान्यता नहीं है।
विद्यार्थियों को हेल्पडेस्क के लिए आवेदन करना होगा। इस संबंध में कमेटी अंतिम फैसला लेगी। पीयू में विभिन्न कोर्स में आवेदन की अंतिम तिथि 2 जुलाई तय की गई है। ऐसे में 25 जून से हेल्पडेस्क शुरू होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार हेल्पडेस्क पर हर साल होने वाली हिंसक वारदातों को रोकने के लिए इस बार सभी छात्र नेताओं की बैठक बुलाएगी। पिछले साल की तरह इस बार टेंट के लिए ड्रा की भी योजना नहीं है।
कालेज की कंप्यूटर लैब में ऑनलाइन आवेदन की सुविधा का हर रोज 100 के करीब स्टूडेंट लाभ उठा रहे हैं। विद्यार्थियों को सही कोर्स के बारे में भी गाइडेंस दी जा रही है।
प्रो.जेके सहगल (चीफ कार्डिनेटर एडमिशन कमेटी, वाइस प्रिंसिपल जीसी-46)