दिल्ली के निजी स्कूलों में नर्सरी दाखिले की रेस से परेशान अभिभावकों के लिए राहत की खबर है। बीते कई दिनों से परेशान अभिभावकों की अब सुनवाई होने लगी है। बीते दिनों मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को एक पत्र के जरिये शिकायत की गई थी। पत्र का असर यह रहा कि डिप्टी सीएम कार्यालय से जवाब आया है कि पैरेंट्स अपनी शिकायत सरकारी पोर्टल पर करें। यदि शिकायत पर तब भी कोई कार्रवाई नहीं होती है तो इसके बारे में तुरंत ही बताया जाए।
निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर 13 फरवरी को एडमिशन नर्सरी डॉट कॉम के संचालक सुमित वोहरा ने मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री को पत्र के जरिये शिकायत की थी। सुमित वोहरा को डिप्टी सीएम कार्यालय से इस पत्र का लिखित में जवाब मिला है। जिसमें उन्हें सूचित किया गया है कि पैरेंट्स pgms.delhi.gov.in पर संपर्क करें।
यह दिल्ली सरकार का ग्रीवांस रिडेरसेल पोर्टल है। जवाब में कहा गया है कि इस पोर्टल पर शिकायत करने से अभिभावकों की शिकायतों का ठीक प्रकार से पता लगाया जा सकेगा व कार्रवाई की जा सकेगी। इस पोर्टल पर शिकायत करने के बाद भी पैरेंट्स की समस्या का समाधान नहीं होता तो अभिभावकों को इस संबंध में बताना होगा।
सुमित वोहरा ने कहा कि जिस तरह से आप सरकार आने के बाद पत्र का रिस्पांस मिला है उससे लग रहा है कि अब स्कूलों पर सख्ती शुरू होगी। जबकि अब तक लगातार शिक्षा निदेशालय में शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन न कोई जवाब मिल रहा था और न ही कोई कार्रवाई हो रही थी।