इस बार छह नए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) जुड़ने के बाद स्टूडेंट्स को कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) 2014 के जरिए 19 आईआईएम में दाखिले का मौका मिल सकेगा।
नए आईआईएम जुड़ने से इसमें करीब 700 नई सीटें और बढ़ जाएंगी। अभी तक 3265 सीटों पर दाखिले के लिए स्टूडेंट्स कैट में किस्मत आजमाते थे। साथ ही स्टूडेंट्स को पेपर हल करने के लिए आधे घंटे का समय और मिलेगा।
बीते वर्षों तक स्टूडेंट्स को 140 मिनट मिलते थे। सभी सेक्शन में सवालों की संख्या भी 30 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है।
कैट के आयोजन का जिम्मा आईआईएम इंदौर को ही सौंपा गया है और रिजल्ट दिसंबर के तीसरे हफ्ते में आएगा।
कैट-2014 के तहत ऑन लाइन आवेदन फॉर्म मिलना शुरू हो गए हैं। आवेदन फॉर्म 30 सितंबर तक मिलेंगे। स्टूडेंट्स आवेदन फॉर्म कैट की वेबसाइट www.iimcat.ac.in से हासिल कर सकते हैं।
स्टूडेंट्स ऑन लाइन आवेदन शुल्क भी क्रेडिट, डेबिट कार्ड या फिर नेट बैकिंग के जरिए जमा कर सकेंगे। इसका लिंक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस बार परीक्षा 16 नवंबर से लेकर 22 नवंबर तक होगी।
आईआईएम इंदौर ने इस बार ऑन लाइन परीक्षा करवाने की जिम्मेदारी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को सौंपी है। पांच वर्षों तक टीसीएस ही ऑन लाइन परीक्षा आयोजित करवाएगी।
स्टूडेंट्स एक सेक्शन करने के बाद दूसरे सेक्शन में स्विच कर सकता है। यानी जो सवाल उसे आसानी से आते हैं उसे वह हल करके दूसरे कठिन सवालों पर अधिक समय दे सकता है। इसके लिए उसे स्विच करने की सुविधा दी जाएगी।
कैट-2014 में इस बार ऑन लाइन आवेदन करने वाले स्टूडेंट्स ऑफ लाइन वाउचर से आवेदन शुल्क नहीं जमा कर पाएंगे। इस बार पूरी व्यवस्था ऑन लाइन कर दी गई है।
30 सितंबर की रात 11:59 बजे तक स्टूडेंट आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। ऑन लाइन एडमिट कार्ड 16 अक्तूबर से उपलब्ध होंगे। स्टूडेंट मनचाहे सिटी व समय पर परीक्षा नहीं दे पाएगा।
उसे परीक्षा के लिए तीन विकल्प बताने होंगे। इसमें से कोई एक सिटी उसे आवंटित की जाएगी। उसे परीक्षा के लिए कब बुलाया जाएगा, इसका निर्णय आईआईएम इंदौर ही करेगा।
इस बार ट्यूटोरियल एग्जाम के समय ही उपलब्ध करवाया जाएगा। स्टूडेंट्स को एग्जाम का फॉरमेट समझने के लिए यह ऑन लाइन उपलब्ध करवाया जाता है। मगर आईआईएम इंदौर ट्यूटोरियल 16 नवंबर को ही उपलब्ध करवाएगा।