पंजाब यूनिवर्सिटी कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन ब्रांच ने बुधवार दोपहर बाद बीए फाइनल ईयर का रिजल्ट घोषित कर दिया। पीयू कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन(सीओई) प्रो.परविंदर सिंह ने बताया कि बीए फाइनल ईयर में 31,797 कैंडीडेट अपीयर हुए और उनमें से 22,003 स्टूडेंट पास हुए हैं।
प्रो.परविंदर ने बताया कि 2013 में पास प्रतिशत 66.09 फीसदी और 2014 में 69.20 फीसदी रहा है। रिजल्ट पीयू की वेबसाइट पर देखा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार रामगढ़िया गर्ल्स कालेज मिलर गंज लुधियाना की होनहार छात्रा नवरूप कौर ने टॉप किया है। कौर ने 2400 में से 2067 अंक हासिल किए हैं। गवर्नमेंट कालेज फॉर गर्ल्स लुधियाना की छात्रा शिवांगी सूद ने दूसरा और सेक्टर-36 एमसीएम डीएवी कालेज फॉर वुमन की छात्रा निकिता ने पीयू में तीसरा स्थान हासिल किया है।
आरएसडी कालेज फिरोजपुर सिटी के सुखचेन सिंह और गवर्नमेंट गर्ल्स कालेज लुधियाना की मधु बाला ने संयुक्त रुप से चौथा स्थान हासिल किया है। एमसीएम डीएवी कालेज फॉर वुमन-36 की हरलीन कौर ने पांचवां, गोपीचंद आर्य महिला कालेज अबोहर की दीपाली छठे और एमसीएम कालेज फॉर वुमन-36 की आकृति शर्मा ने सातवां स्थान हासिल किया।
गोपीचंद आर्य महिला कालेज की सोनाली ने आठवां स्थान हासिल किया है। देव समाज कालेज फॉर वुमन फिरोजपुर सिटी की प्रियंका और गवर्नमेंट कालेज फॉर गर्ल्स लुधियाना की रुपाली भाटिया संयुक्त रुप से नौवें स्थान पर रही। जीसीजी-11 चंडीगढ़ की नवप्रीत कौर और शायला प्रभाकर संयुक्त रुप से दसवें स्थान पर रहीं।