एमकेपी पीजी कॉलेज का प्रॉस्पेक्टस खरीदने के लिए छात्राओं को कॉलेज आने की जरूरत नहीं है। प्रास्पेक्टस के साथ मेरिट फार्म भी कालेज की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।
वेबसाइट से प्रॉस्पेक्टस करें डाउनलोड
एमकेपी की प्राचार्य डा. इंदु सिंह ने बताया कि एडमिशन प्रक्रिया कंप्यूटराइज की जा रही है। वेबसाइट से प्रॉस्पेक्टस डाउनलोड करने के बाद 40 रुपए के शुल्क के साथ कॉलेज में जमा कराया जा सकता है।
वैसे इसी शुल्क पर कॉलेज से भी यह फार्म खरीदा जा सकता है। उन्होंने बताया कि पहली बार उठाया गया यह कदम छात्राओं के लिए लाभकारी साबित होगा।
हर फार्म के पंजीकरण के साथ ही उसकी पूरी डिटेल कंप्यूटर में फीड की जाएगी। इसका फायदा यह होगा कि छात्राओं की मेरिट आसानी से बनेगी और उनके प्रवेश पत्र आदि सभी जल्द मिल जाएंगे।
दूसरी ओर, प्रॉस्पेक्टस पहुंचने में देरी के कारण सोमवार से बिक्री शुरू नहीं हो पाई। इस वजह से कई छात्राओं को निराश लौटना पड़ा। प्राचार्य ने बताया कि मंगलवार से कॉलेज में प्रॉस्पेक्टस उपलब्ध होंगे।
26 जुलाई तक होगा पंजीकरण
एमकेपी प्राचार्य डा. इंदु सिंह ने बताया कि कालेज में 26 जुलाई तक प्रॉस्पेक्टस जमा होने का काम होगा। इस बीच गढ़वाल विवि की ओर से सीटों का निर्धारण भी कर दिया जाएगा।
विवि के अकादमिक कैलेंडर के मुताबिक ही यह तिथि तय की गई है। 26 जुलाई के एक सप्ताह के भीतर मेरिट लिस्ट जारी कर दी जाएगी, जिसके आधार पर नए सत्र के दाखिले होंगे।
वेबसाइट : www.mkpcollege.in
एसजीआरआर में प्रॉस्पेक्टस खत्म
एसजीआरआर पीजी कॉलेज में दाखिले को लेकर छात्रों में जबर्दस्त उत्साह है। आलम यह है कि सोमवार को प्रॉस्पेक्टस बिक्री शुरू होने के आधे घंटे के भीतर फार्म खत्म हो गए।
देर शाम तक कॉलेज को नए प्रास्पेक्टस उपलब्ध नहीं हो पाए थे। एसजीआरआर कॉलेज में सुबह दस बजे से बिक्री शुरू होने के बाद आधे घंटे में ही 200 फार्म बिक गए।
इसके बाद दोपहर तक छात्र इंतजार करते रहे, लेकिन फार्म नहीं पहुंचे। कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डा. दिनेश सिंह ने बताया कि प्रिंटिंग प्रेस से बात हो गई है।
मंगलवार सुबह फार्म उपलब्ध हो जाएंगे। दूसरी ओर, डीबीएस कॉलेज में अब तक 570 प्रॉस्पेक्टस बिक चुके हैं। कॉलेज प्राचार्य डा. ओपी कुलश्रेष्ठ ने बताया कि 10 जुलाई तक ही छात्र पंजीकरण करा सकते हैं।