एलयू में स्नातक कक्षाओं में दाखिले मेरिट के ही आधार पर होंगे। सोमवार को प्रवेश समिति की बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगा दी गई।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने इस पर बीए, बीएससी व बीकॉम आदि स्नातक कोर्सेज में दाखिले प्रवेश परीक्षा के माध्यम से करने की घोषणा की थी लेकिन बाद में यूनीवर्सिटी इसे लेकर बैकफुट पर आ गई।
अब सत्र 2015-16 में दाखिले मेरिट के आधार पर ही लिए जाएंगे। स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए ऑनलाइन फॉर्म मई के दूसरे हफ्ते में घोषित करने की तैयारी की जा रही है।
वहीं नए सत्र में एलयू ने एक बड़ा बदलाव यह किया है कि अब बीए कोर्स में ऑफलाइन काउंसलिंग ही की जाएगी। नए सत्र में बीए कोर्स में कोई भी सब्जेक्ट चुनने की आजादी नहीं होगी।
बीते साल एलयू ने बीए में सब्जेक्ट की चॉइस ओपन कर दी थी जिसके कारण स्टूडेंट कोई भी सब्जेक्ट चुनने की आजादी मिल गई थी। मगर इसका परिणाम यह हुआ कि बीए का परीक्षा कार्यक्रम काफी लंबा हो गया।
लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. एनके पांडेय ने बताया कि कश्मीरी माइग्रेंट स्टूडेंट्स के लिए इस बार से दाखिले में छूट दी जाएगी। उन्हें किसी भी कोर्स में दाखिले के लिए उस कोर्स के कटऑफ से दस प्रतिशत कम नंबर पर दाखिला दिया जाएगा।