फरीदाबाद के महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) से संबद्ध कॉलेजों में दाखिले को लेकर जारी होने वाली दूसरी कट ऑफ लिस्ट की तिथि में परिवर्तन हो सकता है। इसके संकेत उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने दिए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, ऑनलाइन आवेदन के दौरान तकनीकी खामियों के चलते कई कॉलेजों में पहली कट ऑफ लिस्ट देर से जारी हुई है।
इसके अलावा ई-चालान व मैनुअल चालान के जरिये जमा होने वाली फीस को लेकर विद्यार्थियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में एमडीयू से संबद्ध कई सरकारी कॉलेजों में अभी तक ठीक तरह से पहली कट ऑफ के हिसाब से भी दाखिले शुरू नहीं हो सके हैं।
यह भी पढ़ें: गुड़गांव के कॉलेजों की कटऑफ एक नजर में
ऐसे में कई कॉलेजों के आग्रह पर उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने एमडीयू से दूसरी कट ऑफ लिस्ट की तिथि में परिवर्तन का आश्वासन देना शुरू कर दिया है। दूसरी कट ऑफ लिस्ट 8 जुलाई को जारी होनी है, लेकिन अब इसमें बदलाव कर इसे 12 जुलाई किया जा सकता है।
उच्च शिक्षा विभाग हरियाणा के डिप्टी डायरेक्टर, अरुण जोशी ने बताया कि पहली कट ऑफ के आधार पर दाखिले को लेकर जिस तरह तकनीकी खामियों से कॉलेजों
को जूझना पड़ रहा है, उसको देखते हुए दूसरी कट ऑफ जारी करने की तिथि में
परिवर्तन हो सकता है। इस बारे में जल्द ही एमडीयू प्रशासन से बात की जाएगी।