महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) एक बार फिर विद्यार्थियों के सवालों के घेरे में है। राजकीय महिला कॉलेज में बीकॉम चौथे समेस्टर के कंपनी लॉ विषय की करीब 80 फीसदी छात्राओं का कंपार्टमेंट आ गया है।
इस बात की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साई छात्राओं ने प्रिंसिपल के कार्यालय का घेराव कर कैंपस में जमकर हंगामा काटा। एमडीयू के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्राओं ने कार्यप्रणाली सुधार की मांग की। प्राचार्या ने छात्राओं से ज्ञापन लेकर समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
एमडीयू की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग कर रही छात्राओं का आरोप है कि बीकॉम चौथे समेस्टर में कंपनी लॉ विषय में कालेज की लगभग 80 प्रतिशत छात्राओं का कंपार्टमेंट आया है। पूर्व में भी ऐसा हुआ है।
विश्वविद्यालय बार-बार एक ही विषय में लोगों को फेल कर रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए। छात्राओं ने बताया कि बीए प्रथम सेमेस्टर में अंग्रेजी, समाजशास्त्र और हिंदी में भी छात्राओं का कंपार्टमेंट आया है। इससे कॉलेज प्रशासन की मुसीबत बढ़ गई है।
छात्राओं ने प्राचार्या के दफ्तर का घेराव कर नारेबाजी की। हंगामा बढ़ता देख प्राचार्य शोभा चुघ ने ज्ञापन लेकर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, तब जाकर प्रदर्शन खत्म हुआ। उन्होंने कहा कि ज्ञापन की कॉपी विश्वविद्यालय भेजी जाएगी।
इसके साथ ही छात्राओं के रिजल्ट की ऑनलाइन कापी भी मंगाई गई है। जिससे समस्या का पता लगाया जा सके। उल्लेखनीय है कि एमडीयू ऐसे कारनामे पहले भी कर चुका है। नेहरू कॉलेज, केएल मेहता कॉलेज एवं अग्रवाल कॉलेज में इस मुद्दे को लेकर समय-समय पर हंगामा होता रहा है।