12वीं करने वाले जो छात्र ऑल इंडिया प्री मेडिकल प्री डेंटल टेस्ट(एआईपीएमटी) के आवेदन से चूक गए हैं, वह निराश न हों।
देशभर में तमाम ऐसे संस्थान हैं, जिनमें एमबीबीएस में प्रवेश के लिए मौका बचा हुआ है। इनकी प्रवेश परीक्षाओं के आवेदन निकल गए हैं। अभ्यर्थी समय रहते इनमें ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एम्स के लिए 15 मार्च तक करें आवेदन
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में एमबीबीएस की 672 सीटों पर दाखिले के लिए मौका बचा हुआ है। यहां ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी 15 मार्च 2016 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एम्स की प्रवेश परीक्षा 29 मई 2016 को आयोजित होगी। एम्स की वेबसाइट पर दो मई से एडमिट कार्ड उपलब्ध होंगे। आवेदन के लिए वेबसाइट www.aiimsexams.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिपमर पुडुचेरी में चार मई तक आवेदन
जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (जिपमर), पुडुचेरी कैंपस की 150 और कराईकाल कैंपस की 50 एमबीबीएस सीटों पर दाखिले का मौका है। इसकी प्रवेश परीक्षा देहरादून सहित देश में 75 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।
इसकी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सात मार्च से शुरू होकर चार मई तक 2016 तक चलेगी। सामान्य व ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए एक हजार रुपये, एससी व एसटी अभ्यर्थियों 800 रुपये और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए कोई शुल्क नहीं होगा। इसकी प्रवेश परीक्षा पांच जून 2016 को होगी, जिसका परिणाम 13 जून को आने की संभावना है। आवेदन के लिए वेबसाइट www.jipmer.edu.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एमजीआईएमएस में दाखिले को चार मार्च तक आवेदन
महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, वर्धा (महाराष्ट्र) में एमबीबीएस दाखिले को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है। इसकी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चार मार्च 2016 तक चलेगी। इसकी प्रवेश परीक्षा 17 अप्रैल 2016 को आयोजित होगी।
भरे हुए आवेदन पत्र की रसीद प्राप्त करने की अंतिम तिथि 18 मार्च 2016 रखी गई है। आवेदन का शुल्क 5000 रुपये रखा गया है। आवेदन के लिए 12वीं में सामान्य व ओबीसी अभ्यर्थियों के 50 प्रतिशत और एससी, एसटी अभ्यर्थियों के 40 प्रतिशत अंक होने अनिवार्य हैं। आवेदन के लिए वेबसाइट www.mgims.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
क्रिश्चयन मेडिकल कॉलेज को 20 मई तक आवेदन
क्रिश्चयन मेडिकल कॉलेज, वेल्लूर (कर्नाटक) की ‘सीएमसी 2016’ में अभ्यर्थी पहले चरण के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 मई 2016 तक कर सकते हैं। पंजीकरण का दूसरा चरण 13 जून 15 जून 2016 तक होगा। दाखिले के लिए पंजीकरण 17 जून 2016 को होगा। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया होगा, वह जल्द से जल्द आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए वेबसाइट www.cmch-vellore.edu पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यूपीसीपीएमटी के लिए 22 तक आवेदन
उत्तर प्रदेश कंबाइंड प्री मेडिकल टेस्ट (यूपीसीपीएमटी) 2016 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 मार्च से 22 अप्रैल 2016 के बीच होगी। इसके एडमिट कार्ड आठ मई 2016 से जारी होंगे। यह प्रवेश परीक्षा 24 मई 2016 को आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा का परिणाम 15 जून को आने की संभावना है। आवेदन के लिए वेबसाइट www.upcpmt.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यूपीएमटी के लिए 21 मार्च से करें आवेदन
उत्तराखंड प्री मेडिकल प्री डेंटल टेस्ट (यूपीएमटी) 2016 की आवेदन प्रक्रिया 21 मार्च से शुरू होगी। अभ्यर्थी 25 अप्रैल तक इसके लिए आवेदन कर सकते है। सामान्य व ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 2000 रुपये, आरक्षित वर्ग के लिए शुल्क 1400 रुपये होगा।
प्रवेश परीक्षा अल्मोड़ा, देहरादून, हल्द्वानी, श्रीनगर, गोपेश्वर और उत्तरकाशी में आयोजित होगी। प्रवेश पत्र वेबसाइट से 5 मई 2016 से डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 15 मई को होगी, जिसका परिणाम 31 मई को जारी होगा। आवेदन के लिए वेबसाइट www.hnbumu.ac.in पर क्लिक कर सकते हैं।
यूएपीएमटी के लिए 26 मार्च तक आवेदन
उत्तराखंड आयुष प्री मेडिकल टेस्ट(यूएपीएमटी) 2016 के लिए अभ्यर्थी 26 मार्च 2016 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा का आयोजन 29 मई को होगा। विवि 31 मई को टेंटेटिव रिजल्ट और 10 जून को प्रोविजनल रिजल्ट जारी कर देगा।
प्रदेश में बीएएमएस की 330, बीएचएमएस की 110 और पीजी कोर्स की 55 सीटों के लिए यह अखिल भारतीय प्रवेश परीक्षा होगी। सामान्य व ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए 3550 रुपये और एससी, एसटी अभ्यर्थियों के लिए 2550 रुपये शुल्क होगा। ऑनलाइन आवेदन के लिए वेबसाइट www.uau.ac.in पर क्लिक करें।
बीएचयू पीएमटी के लिए दो मई तक आवेदन
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की प्री मेडिकल टेस्ट 2016 के लिए अभ्यर्थी दो मई 2016 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा का आयोजन मई के दूसरे सप्ताह में ही किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन के लिए वेबसाइट www.bhu.ac.in पर क्लिक करें।