जनवरी का महीना शुरू होते ही बच्चे को पसंद के स्कूल में दाखिले को लेकर ट्राइसिटी के सैकड़ों अभिभावकों की धड़कने बढ़ने लगी हैं।
जनवरी के दूसरे हफ्ते से शहर के नामी प्राइवेट और कान्वेंट स्कूलों में एंट्री लेवल नए सत्र (अप्रैल 2014) में दाखिले का दौर शुरू होने जा रहा है।
इस साल शिक्षा विभाग ने एंट्री लेवल के लकी ड्रा से पहले सभी प्राइवेट और कान्वेंट स्कूलों को आवेदन के लिए बच्चों की पूरी लिस्ट जारी करनी होगी।
डीपीआई(स्कूल) कमलेश कुमार के अनुसार, लकी ड्रा में किसी भी तरह की गलती से बचने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
प्राइवेट और कान्वेंट स्कूल एक या दो दिन पहले पूरी लिस्ट वेबसाइट और स्कूल के नोटिस बोर्ड पर जारी करेंगे। ऐसा नहीं करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई भी की जा सकती है।
कान्वेंट स्कूल की 710 सीटों पर 15 जनवरी को फैसला
ट्राइसिटी के सैकड़ों अभिभावक 15 जनवरी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। चार प्रतिष्ठित कान्वेंट स्कूल सेंट जोन, सेक्रेड हार्ट, कॉर्मल कान्वेंट और सेंट ऐंस में एलकेजी और यूकेजी की 710 सीटों के लिए 15 जनवरी को दोपहर बाद 3 बजे लकी ड्रा होगा। इन सीटों के लिए 4150 अभिभावकों ने आवेदन किया है।
कान्वेंट में सीट और आवेदन का ब्योरा
स्कूल का नाम-----------सीटें-------आवेदन
सेंट जोन-----------160-----------731
कॉर्मल कान्वेंट-----------120-----------930
सेक्रेड हार्ट-----------200-----------987
सेंट ऐंस-----------230-----------1500
लकी ड्रा की डीईओ दफ्तर में करें शिकायत
लकी ड्रा को लेकर किसी तरह की दिक्कत आने पर अभिभावक सीधे डीईओ दफ्तर में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिक्षा विभाग लकी ड्रा में अपने नॉमिनी को भी भेजने पर विचार कर रहा है। ताकि, लकी ड्रा में किसी तरह की धांधली या गड़बड़ नहीं हो सके।
पिछले सालों में लकी ड्रा के समय सेंट कबीर, अंकुर और सॉपिंस जैसे स्कूलों में अभिभावकों का हंगामा हो चुका है। इस बार शिक्षा विभाग ने एडमिशन को लेकर कोई हेल्पलाइन शुरू नहीं की है।
भवन विद्यालय 33 पहली पसंद
बेटे-बेटी के दाखिले के लिए अभिभावकों की पहली पसंद में बेशक चार कान्वेंट स्कूल शामिल हैं। लेकिन, आवेदन की बात करें तो सेक्टर-33 स्थित भवन विद्यालय (जूनियर विंग) पहली पसंद है।
प्री-नर्सरी की 100 सीटों के लिए इस साल रिकार्ड 1619 अभिभावकों ने आवेदन किया है। 18 जनवरी को सुबह 10 बजे लकी ड्रा होगा। ईडब्ल्यूएस की 25 सीटें रिजर्व होंगी।
स्कूल में रिजर्व कोटे को छोड़ जनरल कैटेगरी में 45 से 55 सीटें ही होंगी। प्रिंसिपल तरुणा वशिष्ठ के अनुसार, आवेदन स्लिप के साथ केवल एक पेरेंट लकी ड्रा में आ सकता है। बच्चों को स्कूल में लाने की अनुमति नहीं होगी।
इन प्राइवेट स्कूलों पर भी अभिभावकों की नजर
स्कूल का नाम-----------क्लास-----------सीटें-----------लकी ड्रा
आरआईएमटी-----------प्रीनर्सरी-----------60-----------8 जनवरी
डीपीएस40-----------नर्सरी-----------150-----------16 जनवरी
अंकुर पीयू-----------नर्सरी-----------150-----------18 जनवरी
विवेक 38-----------प्रीनर्सरी-----------100-----------10 जनवरी(प्वाइंट सिस्टम)
डीएवी 15-----------प्रीनर्सरी-----------25-----------18 जनवरी
एंट्री लेवल पर लकी ड्रा पूरी तरह ट्रांसपेरेंट होगा। कॉमन एडमिशन शेड्यूल निर्देशों सभी स्कूलों को एक या दो दिन पहले आवेदन करने वाले सभी बच्चों की पूरी लिस्ट नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर जारी करनी होगी। लिस्ट में गलती पाए जाने पर स्कूल को तुरंत उसे ठीक करना होगा।
कमलेश कुमार, (डीपीआई स्कूल यूटी)