लखनऊ विश्वविद्यालय में बीए की खाली सीटें भरना चुनौती भरा काम हो गया है। थर्ड लिस्ट जारी हो चुकी है और बीए की करीब 1,280 सीटों में से आधी से अधिक खाली हैं।
ऐसे में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि बीए में काफी जिद्दोजहद के बाद भी करीब 400 सीटें खाली रह जाएंगी।
ऑनलाइन चॉइस फिलिंग में मेरिट के अनुसार चॉइस देने में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने एक ही सब्जेक्ट की चॉइस दे दी।
ऐसे में तमाम स्टूडेंट मेरिट में होने के बावजूद बीए में दाखिला नहीं पा सके। अब यूनिवर्सिटी प्रशासन बीए में थर्ड लिस्ट के दाखिले पूरे होने के बाद इन खाली सीटों को भरने के लिए उपलब्ध सीटों पर दोबारा चॉइस पूछेगा।
लखनऊ विश्वविद्यालय बीए की खाली सीटों को सब्जेक्टवार और कैटेगरी के अनुसार स्टूडेंट्स से चॉइस मांगेगा।
यह चॉइस स्टूडेंट्स को उन्हें प्रवेश समन्वयक कार्यालय बुलाकर ऑफलाइन ही पूछी जाएगी या फिर पहले की तरह ही उनसे ऑनलाइन चॉइस फिलिंग कराई जाएगी।
इस पर अभी यूनिवर्सिटी प्रशासन मंथन कर रहा है। वहीं, बीएससी, बीकॉम व यूजी के प्रोफेशनल कोर्सेज में खाली चल रही करीब 15 प्रतिशत सीटों को भरने के लिए वेटिंग लिस्ट एक या दो दिन में जारी की जाएगी।
एलयू में यूजी कोर्सेज में दाखिले के प्रवेश समन्वयक प्रो. प्रवीण नागर ने बताया कि अभी बीए की खाली सीटें भरने के लिए इस बात पर मंथन हो रहा है कि चाइस ऑफलाइन पूछी जाए या फिर ऑनलाइन।
बीए में अच्छी मेरिट होने के बावजूद ऐसे सब्जेक्ट की चॉइस बताने वाले स्टूडेंट्स की संख्या ज्यादा हैं, जो उनसे ऊपर की मेरिट के स्टूडेंट से भर गई हैं।
फिलहाल, अब स्टूडेंट्स के सामने उन सब्जेक्ट की लिस्ट रख दी जाएगी, जिसमें सीटें खाली हैं और उन्हें यह भी बताया जाएगा कि कौन से सब्जेक्ट उन्हें आसानी से मिल सकते हैं।