उत्तराखंड में हेमवती नंदन बहुगुणा मेडिकल विवि और कुमाऊं विवि अब साथ मिलकर काम करेंगे। बृहस्पतिवार को एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक के बाद दोनों विवि के कुलपतियों ने एक एमओयू साइन किया। इसके तहत कैंसर बायोलॉजी में दोनों विवि मिलकर शोध कार्यों को बढ़ावा देंगे।
एक होटल में आयोजित एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक में पहले सभी प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इसमें दो मेडिकल कालेज और पांच नर्सिंग कालेजों की संबद्धता के साथ ही आय व्यय, संबद्धता शुल्क व अन्य शुल्कों के प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।
आपदा प्रबंधन सिखाया जाएगा
मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओर से भविष्य में सर्टिफिकेट कोर्स भी चलाया जाएगा, जिसके तहत छात्रों को राष्ट्रीय आपदा नियंत्रण प्राधिकरण, टाटा इंस्टीट्यूट आफ सोशल साइंसेज के सहयोग से आपदा प्रबंधन सिखाया जाएगा।
प्राइवेट मेडिकल कालेजों की ओर से हाईकोर्ट में किए गए वाद पर भी पैरवी पर विचार किया गया। इसके पश्चात कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. एसएच धामी और एचएनबी मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. एमसी पंत के बीच एक एमओयू साइन हुआ।
कैंसर पेशेंट से सैंपल मिल सकेगा
उन्होंने बताया कि इसके तहत यहां के छात्र वहां जाकर बायोलॉजी कैंसर रिसर्च पढ़ सकेंगे तो विवि के संबद्ध कालेजों से कैंसर पेशेंट से सैंपल मिल सकेगा। इस अवसर पर किंग जॉर्ज मेडिकल कालेज यूनिवर्सिटी कानपुर के कुलपति प्रो. रविकांत ने कहा कि वह भी उत्तराखंड की इस यूनिवर्सिटी को हरसंभव मदद करेंगे।
इस अवसर पर एमसीआई के सदस्य डा. आलोक आहूजा, डा. अश्विनी डोभाल, डा. एस फारूखी, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डा. आरपी भट्ट, गढ़वाल मेडिकल कालेज के कार्यवाहक प्राचार्य डा. देश दीपक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के महानिदेशक डा. जीएस जोशी, प्रो. अजय आर्य, प्रो. सीपी बड़थ्वाल आदि मौजूद रहे।