सिडकुल ने काशीपुर एस्कार्ट फार्म की जमीन को नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की तैयारी कर ली है। इसी क्रम में आईआईएम को जमीन दे दी गई है। सिडकुल ने निजी क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों के लिए यहां पूरी तरह से मुकम्मल प्लेटफार्म तैयार कर दिया है।
200 एकड़ में बनेगा IIM कैंपस
ऊधमसिंहनगर जिले के काशीपुर औद्योगिक क्षेत्र में नॉलेज हब बनाने का निर्णय लिया जा चुका है। कुल 311 एकड़ भूमि में से 200 एकड़ पर आईआईएम का परिसर बनेगा।
आईआईएम अभी तक गन्ना आयुक्त कार्यालय व गन्ना अनुसंधान संस्थान केंद्र के भवन में संचालित हो रहा है। वहीं 111 एकड़ जमीन निजी क्षेत्र केअन्य बड़े शिक्षण संस्थानों को दी जाएगी।
निजी क्षेत्र की शिक्षण संस्थाओं को करेंगे आमंत्रित
एमडी सिडकुल आर राजेश कुमार ने बताया कि यहां निजी क्षेत्र की शिक्षण संस्थाओं को संस्थान स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया गया है। बताया कि एक-दो बड़े तकनीकी संस्थान और प्राइवेट यूनिवर्सिटी बनाने के इच्छुक कुछ लोग सिडकुल के संपर्क में हैं। जल्द ही यहां बदलाव दिखेगा, कोशिश होगी कि यहां हर तरह की शिक्षा का शैक्षणिक संस्थान स्थापित हो।