आईआईटी के लिए जेईई-एडवांस की काउंसलिंग में सीट/कोर्स अलॉटमेंट की प्रक्रिया तीन राउंड में पूरी होगी। पहले दो राउंड में छात्रों को अलॉट होने वाली सीट फ्रीज करने की इजाजत नहीं होगी।
हर राउंड के बाद वेकैंसी के आधार पर सीट अपग्रेड होंगी। काउंसलिंग के लिए जेईई ऑनलाइन च्वॉइस फिलिंग एंड सीट एलोकेशन (जेओसीएसए) का कार्यक्रम जारी किया गया है।
दरअसल, जेईई-एडवांस का रिजल्ट 19 मई को घोषित होगा। इसके बाद जेओसीएसए पोर्टल शुरू हो जाएगा। इस पर छात्रों को जेईई-एडवांस से जुड़ी अपनी जानकारियां देनी होंगी।
जिसके बाद उन्हें पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा। इस पासवर्ड की मदद से पोर्टल पर एंट्री मिलेगी और च्वॉइस-फिलिंग की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके लिए छात्रों को 24 जून तक का समय दिया जाएगा।
पोर्टल को इस तरह से तैयार किया गया है कि छात्र कितनी भी बार अपनी मनपसंद सीटों को चुन सकते हैं बदलाव कर सकते हैं।
अपनी च्वाइस के मॉडिफिकेशन सेव कर अपनी च्वॉइस शीट भी बना सकते हैं।
जेईई ने यह भी स्पष्ट कर दिया है, कोई छात्र ऑनलाइन च्वॉइस फिलिंग के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है तो सीट अलॉटमेंट की गारंटी नहीं है।
ऐसे होगा कोर्स/सीट एलोकेशन
काउंसलिंग में शामिल 9784 सीटों पर कोर्स/सीट एलोकेशन तीन राउंड में होगा। पहला एक जुलाई को घोषित होगा। दूसरा 8 जुलाई और तीसरा राउंड 12 जुलाई को घोषित होगा।
पोर्टल पर ही इसकी जानकारी मिलेगी। छात्र सीट न लेना चाहे तो अगले राउंड में उसे मौजूदा वेकैंसी पर अपग्रेड किया जाएगा। पहले दो राउंड के बाद छात्रों को अपनी सीट फ्रीज करने की इजाजत नहीं होगी।
ऑनलाइन जमा होगा आरंभिक शुल्क
सीट अलॉटमेंट के बाद छात्रों को ऑफर स्वीकार करते हुए आरंभिक शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।
इसके लिए जनरल और ओबीसी छात्रों को 60 हजार और एससी-एसटी छात्रों को 20 हजार रुपये जमा कराने होंगे।
फीस जमा करने के बाद संबंधित कैंपस में रिपोर्ट न करने पर पैसा वापस नहीं होगा। साथ ही ऐसे छात्र जेईई-2015 में भी शामिल नहीं हो पाएंगे।