आईपी यूनिवर्सिटी को शैक्षणिक सत्र 2015-16 में बीएड, बीटेक, बीकॉम, बीबीए, एमबीए, एलएलई-बीटेक, बीजेएमसी कोर्सों में ऑनलाइन काउंसलिंग में सीट कंफर्मेशन के लिए दिल्ली सरकार से एनओसी मिल गई है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने विश्वविद्यालय को इनटेक सूची जारी कर दी है।
पिछले साल के मुकाबले महज दो फीसदी ही सीटों की बढ़ोतरी हुई है। एनओसी मिलने के साथ ही अब सोमवार से ऑनलाइन सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। हालांकि पहली कटऑफ 24 जून को ही जारी होने की संभावना है। वहीं, सोमवार को ऑनलाइन काउंसलिंग के तहत कोर्स व कॉलेज विकल्प भरने का आखिरी मौका है।
पहली कटऑफ में सीट कंफर्म के बाद अलॉटमेंट का शेड्यूल
पहली काउंसलिंग में सीट कंफर्म होने के बाद काउंसलिंग का दूसरा सत्र 24 जून से शुरू होगा। इसमें छात्रों को 24 से 26 जून तक एडमिशन का प्रोविजनल ऑफर लेटर मिलेगा। छात्रों को इसी लेटर के आधार पर नगद 40 हजार रुपये का अकादमिक शुल्क जमा करवाने के लिए 24 से 27 जून का समय मिलेगा। जबकि ऑनलाइन डेबिट या क्रेडिट कार्ड से जमा करवाने के लिए 24 से 28 जून रात पौने 11 बजे तक का समय होगा। कॉलेज व विषय की जानकारी में संशोधन करने का मौका 28 से 29 जून तक उपलब्ध होगा। जबकि दूसरी कटऑफ 4 जुलाई को आएगी।
सिख व जैन छात्र दो नए कॉलेज को विकल्प में चुनें
छात्रों को बीकॉम और बीबीए प्रोग्राम में दो नए कॉलेज विकल्प में चुनने का मौका मिल गया है। इसलिए उक्त आरक्षित वर्ग के छात्र सोमवार को अपने विकल्प में उक्त दोनों कॉलेजों को भी चुन सकते हैं। गुरु नानक इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कॉलेज में सिख छात्रों को आरक्षित वर्ग का लाभ मिलेगा। जबकि महावीर स्वामी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज में बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन प्रोग्राम के तहत जैन छात्रों की अतिरिक्त सीट रिजर्व की गई हैं।