केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड आंतरिक मूल्यांकन के लिए भेजे गए एविडेंस को ऑनलाइन करेगा। इसके लिए सीबीएसई ने माइक्रोसाइट की शुरुआत की है। इससे स्कूल व कॉलेज अपना स्टेटस जान सकेंगे।
एविडेंस रिपोर्ट स्कूल खुद ही डाउनलोड भी कर सकेंगे। इसके साथ ही माइक्रोसाइट पर स्कूल अपनी शिकायत और सुझाव भी दे सकते हैं।
सीबीएसई बोर्ड की नौवीं और 10वीं में बोर्ड परीक्षा की अनिवार्यता समाप्त होने के बाद अब ग्रेड प्वाइंट दिए जाते हैं।
कॉलेज आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर स्टूडेंट्स को नंबर देते हैं। कॉलेजों की ईमानदारी परखने के लिए बोर्ड ने आंतरिक मूल्यांकन की जांच की व्यवस्था कर रखी है।
चुने हुए स्कूलों को 21 नवंबर तक असेसमेंट के एविडेंस भेजने को कहा गया था। तीन नोडल सेंटर पर असेसमेंट के एविडेंस का सत्यापन मंगलवार से शुरू हो रहा है।
स्कूलों को असेसमेंट के संबंध में ज्यादा जानकारी और उसका स्तर जानने के लिए सीबीएसई ने माइक्रोसाइट लांच की है। माइक्रोसाइट का लिंक सीबीएसई की अकेडमिक वेबसाइट पर मौजूद है।
इस लिंक पर जाकर स्कूल अपने असेसमेंट का स्तर जान सकते हैं। माइक्रोसाइट 15 दिसंबर से पूरी तरह काम करना शुरू कर देगी।