नए सत्र से पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस के विभिन्न कोर्स की फीस में बढ़ोतरी का फैसला किया गया है। शुक्रवार को फीस बढ़ोतरी को लेकर गठित 14 सदस्यों की कमेटी ने सर्वसम्मति से फीस में 5 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है।
जानकारी के अनुसार बढ़ी हुई फीस साधारण और सेल्फ फाइनेंस दोनों कोर्स करने वाले विद्यार्थियों से ली जाएगी। बढ़ी हुई फीस सिर्फ प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वालों पर लागू होगी।
हर साल 5 हजार विद्यार्थी 75 विभिन्न कोर्स में दाखिला लेते हैं। फीस बढ़ोतरी से करीब 5 हजार विद्यार्थियों पर बोझ पड़ेगा। फीस बढ़ोतरी से पंजाब यूनिवर्सिटी को सालाना करीब 1.50 करोड़ की आमदनी होने की उम्मीद है।
पीयू स्टूडेंट काउंसिल नॉमिनी ने भी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार दोपहर 3 बजे डीन यूनिवर्सिटी इंस्ट्रेक्शन(डीयूआई) प्रो.एके भंडारी, सभी डीन, काउंसिल प्रधान चंदन राणा, ज्वाइंट सेक्रेटरी सन्नी मेहता की अगुवाई में बैठक हुई।
फीस कमेटी ने 10 से 15 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा, लेकिन काउंसिल सदस्यों ने इसका जमकर विरोध किया। आखिर में कमेटी को 5 फीसदी बढ़ोतरी पर सहमत होना पड़ा। उधर पंजाब यूनिवर्सिटी ने 28 मार्च को ही एफिलिएटेड कालेजों की फीस में 15 से 20 फीसदी तक इजाफा करने का फैसला लिया है।
पंजाब यूनिवर्सिटी के पूटा प्रधान प्रो. देवेंदर सिंह ने बताया कि कमेटी ने काफी नॉमिनल फीस बढ़ोतरी की है। उसमें से भी आधा फंड स्टूडेंट वेलफेयर पर खर्च किया जाएगा। इतनी फीस बढ़ना तो जरूरी है।